ग्रामीण क्षेत्रों में गांव-गांव पहुंचकर लोगों को उनके विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता की देगा जानकारी
झांसी। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनसामान्य में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता के प्रसार के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झांसी को उपलब्ध कराए गए विशेष विधिक जागरूकता प्रचार वाहन का आज 25 नवम्बर 2026 को दीवानी न्यायालय परिसर से माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झांसी श्रीमती कमलेश कच्छल ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश कमलेश कच्छल ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सुदूर ग्रामीण अंचलों तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक कानून एवं उनके अधिकारों की जानकारी पहुंचाना है, ताकि कोई भी नागरिक विधिक जानकारी अथवा आर्थिक अभाव के कारण न्याय से वंचित न रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रचार वाहन के माध्यम से ग्रामीणों को उनके मौलिक एवं कानूनी अधिकारों, पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन संख्या 15100, राष्ट्रीय लोक अदालत एवं मध्यस्थता के लाभों के संबंध में सरल भाषा में जागरूक किया जाए।
उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता के माध्यम से आमजन को न्याय सुलभ कराने तथा जरूरतमंद लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने में यह प्रचार वाहन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने के साथ ही जनपद के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जागरूकता अभियान की शुरुआत कर दी गई। यह वाहन गांव-गांव पहुंचकर ऑडियो-विजुअल माध्यमों एवं प्रचार सामग्री के जरिए ग्रामीणों को कानून, उनके अधिकारों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करेगा।
इस अवसर पर जनपद न्यायालय के न्यायिक अधिकारीगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य, प्राधिकरण के कर्मचारी एवं पराविधिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
