अखिल भारतीय पुलिस सहयोग संगठन ने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा

उन्नाव। बांगरमऊ अखिल भारतीय पुलिस सहयोग संगठन ने जनहित की तीन प्रमुख समस्याओं को लेकर एसडीएम बृजमोहन शुक्ला को ज्ञापन सौपा है। संगठन ने तत्काल नाली निर्माण, कच्चे रास्ते पर खड़ंजा लगाने तथा बंदरों के आतंक से किसानों को राहत दिलाने की मांग उठाई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र मे प्रदूषित पानी से बीमारियां बढ़ रही हैं। इस पर रोक लगाने के लिए तत्काल नाली का निर्माण कराया जाए और नाली को दुरुस्त किया जाए। ग्राम पंचायत मेला राम कुंवर में नरेश आरख के दरवाजे से विनोद कुमार के दरवाजे तक कच्चे व कीचड़ भरे रास्ते पर मिट्टी डालकर खड़ंजा लगाने की मांग की गई है।

संगठन का कहना है कि कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल जाने वाले बच्चों सहित ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी होती है। ग्राम पंचायत मुस्तफाबाद में बंदरों के कारण किसानों की फसलों को लगभग 90 प्रतिशत तक नुकसान हो रहा है। बंदर खड़ी फसलों को नष्ट कर रहे हैं। इस संबंध में पूर्व में कई बार तहसील व अन्य अधिकारियों को ज्ञापन देकर अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक बंदरों की पकड़ व अन्य व्यवस्था नहीं की गई, जिससे किसानों में भारी रोष व्याप्त है।

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का निस्तारण न हुआ तो आगामी दिसंबर माह में संगठन द्वारा धरना प्रदर्शन कर आंदोलन चलाया जाएगा। जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी।

Related posts