टी बी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का किया गया आयोजन

उन्नाव। बांगरमऊ टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर रूरी स्थित श्री विशंभर दयाल त्रिपाठी राजकीय महाविद्यालय में एनसीसी इकाई द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को टीबी (क्षय रोग) के कारणों, लक्षणों, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीएचसी रसूलपुर रूरी के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिनव निगम उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कृष्ण कांत दुबे तथा एनसीसी प्रभारी डॉ. कुलदीप कुमार शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति रही। महाविद्यालय की ओर से मुख्य अतिथि डॉ. अभिनव निगम को सम्मानित किया गया। डॉ. अभिनव निगम ने बताया कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, लेकिन समय पर पहचान और नियमित उपचार से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।

उन्होंने खांसी, बुखार, वजन घटना, भूख न लगना जैसे लक्षणों पर समय से जांच कराने और दवा बीच में न छोड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि टीबी से डरने की नहीं, बल्कि जागरूक रहने की आवश्यकता है।प्राचार्य डॉ. कृष्ण कांत दुबे ने टीबी से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि टीबी रोगी के साथ भेदभाव नहीं करना चाहिए, बल्कि उसे सहयोग और प्रोत्साहन देना चाहिए, जिससे वह बिना झिझक उपचार करा सके। एनसीसी प्रभारी डॉ. कुलदीप कुमार शुक्ला ने कैडेट्स को अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कैडेट्स गांवों और आसपास के क्षेत्रों में जाकर लोगों को टीबी के बचाव एवं उपचार की जानकारी दें।

कार्यक्रम में पोस्टर निर्माण गतिविधि भी आयोजित हुई। जिसमें कैडेट्स चांदनी देवी, दिव्यांशी शुक्ला एवं अनुप्रिया ने भाग लिया। सीनियर कैडेट्स श्रेष्ठी अवस्थी, आदर्श सिंह एवं दिव्यांशी प्रजापति सहित अन्य कैडेट्स ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का समापन टीबी मुक्त भारत के संकल्प के साथ हुआ।

Related posts