लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी संपत्ति की चोरी को लेकर सख्त टिप्पणी करते हुए एक ऐसा उदाहरण साझा किया, जिसने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को हंसी के साथ सोचने पर भी मजबूर कर दिया। सीएम योगी ने कहा कि शहरों को सुंदर बनाने के लिए प्रशासन सार्वजनिक स्थलों और सड़कों के किनारे फूलों के गमले लगाता है, लेकिन कुछ लोग उन्हें भी चोरी कर ले जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने हाल ही में सामने आए एक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोग करीब ढाई करोड़ रुपये की लग्जरी कार से पहुंचे और मात्र 45 रुपये का गमला उठाकर ले गए। उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि जिस कार से आने-जाने में जितना खर्च हुआ, उसमें तो कई नए गमले खरीदे जा सकते थे।
सीएम बोले- यह चोरी का नया मॉडल
सीएम योगी ने इस घटना को “चोरी का नया मॉडल” बताते हुए कहा कि लोगों को सार्वजनिक संपत्ति का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन शहर को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए गमले लगाता है, लेकिन कुछ लोग उन्हें अपने घर ले जाते हैं। अगर वही लोग बाजार से नया गमला खरीदकर घर में रखते तो उनका सम्मान भी बना रहता और शहर भी सुंदर दिखाई देता।
मुख्यमंत्री ने हल्के अंदाज में कहा कि कभी-कभी यह विचार आता है कि ऐसी हरकत करने वालों की तस्वीरें चौराहों पर लगवा दी जाएं, ताकि लोग सबक ले सकें।
हर जगह CCTV से हो रही निगरानी
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब शहरों में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और लगातार निगरानी की जा रही है। इसी निगरानी के दौरान यह पूरी घटना सामने आई। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति किसी एक व्यक्ति की नहीं होती, बल्कि जनता के टैक्स के पैसे से बनाई जाती है। ऐसे में उसे नुकसान पहुंचाना या चोरी करना समाज के प्रति गलत व्यवहार है।
जनता से की सहयोग की अपील
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से अपील की कि वे सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझें और शहरों को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक भी की। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में इलाज, जांच, दवाओं और इमरजेंसी सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही मेडिकल कॉलेजों और सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं को आधुनिक तकनीक से मजबूत करने पर जोर दिया।
