गोवा चुनाव में किसे मिलेगा वोट? CJP ने रखी शर्त, 39A हटाने की मांग वाले दल को ही समर्थन देंगे लोग!

पणजी: गोवा विधानसभा चुनाव से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सिटिजन मैनिफेस्टो जारी करने का ऐलान किया है। पार्टी के सह संयोजक आशुतोष रांका ने कहा कि अगले तीन महीनों तक गोवा के आम लोगों और कार्यकर्ताओं से बातचीत कर घोषणापत्र तैयार किया जाएगा। इसमें राज्य के लोगों की मांगों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव में वोट मांगने आने वाली राजनीतिक पार्टियों को इस घोषणापत्र की मांगों पर सहमति जतानी होगी। गोवा के लोग उसी पार्टी को वोट देंगे, जो इन्हें पूरा करने के लिए तैयार होगी।

गोवा में आयोजित सीजेपी क्लब के दौरान आशुतोष रांका ने पार्टी की आगे की रणनीति साझा की। उन्होंने बताया कि घोषणापत्र का पहला एजेंडा 39A को हटाने की मांग होगी। अगले तीन महीनों में पार्टी के कार्यकर्ता आम लोगों के बीच जाकर उनकी राय लेंगे और इसके आधार पर मैनिफेस्टो तैयार करेंगे।

रांका ने कहा कि जो भी राजनीतिक दल जनता से वोट मांगने आएगा, उसे अपने घोषणापत्र के बजाय नागरिकों की ओर से तैयार किए गए इस मैनिफेस्टो की मांगों पर सहमति देनी होगी। हालांकि, सीजेपी ने खुद विधानसभा चुनाव लड़ने से इनकार किया है। पार्टी के संयोजक अभिजीत दीपके ने कहा कि वे चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि लोगों का साथ देने आए हैं।

एक महीने तक चुप रहने की वजह भी बताई

आशुतोष रांका ने पार्टी की गतिविधियों पर बात करते हुए कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी का एजेंडा केवल भारत को बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे कहीं बड़ा है। उन्होंने कहा कि कॉकरोच कभी मर नहीं सकते। पिछले एक महीने तक वे इसलिए चुप थे, क्योंकि ब्रेक लेकर परिवार के साथ समय बिता रहे थे।

उन्होंने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि देश का भविष्य युवा तय करेंगे। साल 2047 में भारत कैसा होगा, इसका फैसला देश के युवा करेंगे, न कि 75 साल का महामान। रांका ने कहा कि वे नेता बनने नहीं आए हैं। पांच महीने पहले उन्हें कोई नहीं जानता था और आज भी वे अपनी आवाज उठाने की कोशिश कर रहे हैं। उनके मुताबिक, सीजेपी का मंच उन्होंने अकेले नहीं बनाया, बल्कि देशभर के युवा एक साथ आकर इसे खड़ा करने में शामिल हुए हैं।

सरकार पर धार्मिक विभाजन को बढ़ावा देने का आरोप

सीजेपी के संयोजक अभिजीत दीपके ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह आम लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक विभाजन को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने निर्वाचित नेताओं की खरीद-फरोख्त और वोट चोरी की भी आलोचना की।

दीपके ने देशभर के नागरिकों से धर्म और जाति की पहचान से ऊपर उठकर रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी नागरिक पहचान के आधार पर सोचने की क्षमता बनाए रखनी चाहिए। जब उन्हें हिंदू, मुस्लिम या ईसाई के रूप में सोचने के लिए मजबूर किया जाता है, तो वे आजीविका और आम जीवन को प्रभावित करने वाले सवालों से दूर हो जाते हैं। ऐसे में वे सरकार से सवाल करना भी बंद कर देते हैं, जबकि इन समस्याओं के लिए सरकार ही जिम्मेदार होती है।

Related posts