लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर दर्दनाक हादसा: पुलिया से टकराई क्रेटा, सिपाही समेत तीन की मौत, दो की हालत गंभीर

रायबरेली: लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसे में एक सिपाही समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बछरावां थाना क्षेत्र के खैरहनी गांव के पास हुआ, जहां लखनऊ से रायबरेली की ओर जा रही तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही बछरावां थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

दो की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे में महाराज सिंह और चंद्रपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान एक अन्य गंभीर घायल ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, तीसरे मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है और उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।

दो घायलों का एसजीपीजीआई में इलाज जारी

हादसे में गंभीर रूप से घायल रियान और रजत साहू को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई रेफर किया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।

टक्कर इतनी तेज कि दूर तक सुनाई दी आवाज

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

बछरावां थाना पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। साथ ही तीसरे मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास भी जारी हैं।

हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है, जबकि क्षेत्र में इस दर्दनाक घटना को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।

 

Related posts