लखनऊ: राजधानी लखनऊ के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल दुबग्गा चौराहे पर जल्द ही 305.31 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक फ्लाईओवर का निर्माण होगा। परियोजना को प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी मिल चुकी है। फ्लाईओवर बनने के बाद करीब चार लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और लंबे समय से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
मंगलवार को जिलाधिकारी विशाख जी ने प्रस्तावित फ्लाईओवर स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों के साथ परियोजना की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।
1800 मीटर लंबा होगा फ्लाईओवर
सेतु निगम के परियोजना अधिकारी अमित वर्मा के अनुसार, प्रस्तावित फ्लाईओवर की लंबाई 1800 मीटर और चौड़ाई 11.50 मीटर होगी। प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।
फ्लाईओवर तैयार होने के बाद कानपुर बाईपास और आगरा एक्सप्रेसवे से आने वाला यातायात सीधे हरदोई रोड से जुड़ सकेगा। इससे हरदोई, सीतापुर, मलिहाबाद, चौक और बुद्धेश्वर की ओर आने-जाने वाले लोगों का सफर पहले की तुलना में अधिक सुगम होगा।
दुबग्गा चौराहे पर कम होगा ट्रैफिक दबाव
दुबग्गा चौराहा लंबे समय से भारी ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहा है। फ्लाईओवर बनने के बाद यहां वाहनों का दबाव कम होगा और शहर के पश्चिमी हिस्से में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही लोगों का यात्रा समय भी कम होने की उम्मीद है।
तीन विभागों की भूमि होगी प्रभावित
परियोजना के लिए वन विभाग, मंडी परिषद और लखनऊ विकास प्राधिकरण की कुछ भूमि प्रभावित होगी। इसे लेकर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्होंने मंडी परिषद के अधिकारियों को प्रभावित भूमि का जल्द आकलन कर प्रतिकर राशि का विवरण सेतु निगम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, वन विभाग से जुड़े मामलों में स्वीकृत एलाइनमेंट के अनुरूप कार्य शुरू करने के लिए आवश्यक अनुमति हेतु ऑनलाइन आवेदन तत्काल करने को कहा गया।
अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक
निरीक्षण और समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर पूर्वी), सेतु निगम के परियोजना अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, मंडी परिषद और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परियोजना को निर्धारित समय में पूरा कराने को लेकर आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की।
