हरकी पैड़ी को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, पुलिस ने आरोपी को दबोचा, शराब के नशे में किया था कॉल

देहरादून: उत्तराखंड के हरिद्वार से सोमवार सुबह सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां विश्व प्रसिद्ध हरकी पैड़ी को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं और तुरंत जांच शुरू कर दी गई। हरकी पैड़ी पर रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में इस धमकी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी।

112 नंबर पर कॉल कर दी धमकी

जानकारी के मुताबिक, एक युवक ने आपातकालीन सेवा 112 नंबर पर कॉल कर दावा किया कि अगले चार दिनों के भीतर हरकी पैड़ी समेत अन्य स्थानों को बम से उड़ा दिया जाएगा। कॉल मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई और कॉल करने वाले की तलाश शुरू कर दी गई।

लोकेशन ट्रेस होते ही आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रेस करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान पौड़ी जिले के यमकेश्वर निवासी 30 वर्षीय सोहन सिंह रावत के रूप में हुई। पुलिस की सख्ती के बाद आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने शराब के नशे में पुलिस को धमकी भरा फोन किया था।

आरोपी को भेजा गया जेल

मामले में हरिद्वार नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस सतर्क नजर आई।

एसएसपी का बयान आया सामने

इस पूरे मामले पर हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर का भी बयान सामने आया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अफवाह या धमकी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Related posts