अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि परिसर के मंदिरों से चढ़ावा, बहुमूल्य गहनों और रत्नों की चोरी के मामले में आठ लोगों की गिरफ्तारी के बाद उठ रहे सवालों के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। ट्रस्ट की अहम बैठक से पहले उन्होंने एक पत्र जारी कर घटना पर गहरी पीड़ा व्यक्त की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में सोमवार दोपहर तीन बजे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक प्रस्तावित है। पहले यह बैठक मणि राम दास की छावनी परिसर में होनी थी, लेकिन बाद में इसका स्थान बदलकर श्रीरामजन्मभूमि परिसर स्थित यात्री सुविधा केंद्र कर दिया गया। अस्वस्थ होने के कारण महंत नृत्य गोपाल दास के बैठक में वर्चुअल माध्यम से शामिल होने की संभावना जताई गई है।
घटना से आहत होने की बात कही
बैठक से पहले जारी अपने पत्र में महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा कि मंदिर में हुई चोरी की घटना से वह बेहद आहत हैं। उन्होंने लिखा कि जिसने भी यह पाप किया है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने इस मामले को करोड़ों राम भक्तों की आस्था से जुड़ा विषय बताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
राजनीति से बचने की अपील
महंत नृत्य गोपाल दास ने अपने पत्र में कहा कि किसी भी व्यक्ति को व्यक्तिगत हित के लिए इस मामले पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं और आस्था से जुड़ा है, इसलिए इसे राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
सीएम योगी और पीएम मोदी पर जताया भरोसा
पत्र में महंत नृत्य गोपाल दास ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा भरोसा जताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पाप में शामिल लोगों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
ट्रस्ट सदस्य ने भी दिया कड़ा बयान
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य दिनेंद्र दास ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि रामलला के यहां हुई चोरी के मामले में शासन, अयोध्या के जिलाधिकारी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पूरी पैरवी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि आरोपियों को फांसी की सजा भी दी जाती है तो ट्रस्ट को कोई आपत्ति नहीं होगी और ट्रस्ट के सदस्य ऐसे निर्णय को स्वीकार करने के लिए तैयार हैं।
