रायबरेली में दिशा बैठक में राहुल गांधी ने अफसरों को घेरा, सड़कों के गड्ढों की तस्वीरें दिखाकर पूछा- अब तक क्यों नहीं हुई कार्रवाई

रायबरेली: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिशा समिति की बैठक में जिले की विकास योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने खराब सड़कों और गड्ढों को लेकर अधिकारियों से सवाल किए। राहुल गांधी ने बैठक में सड़कों की तस्वीरें दिखाते हुए पूछा कि इन समस्याओं पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

दो दिवसीय रायबरेली दौरे के आखिरी दिन राहुल गांधी दिशा की बैठक में शामिल हुए। बैठक में सड़क सुरक्षा, रखरखाव और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर चर्चा हुई। उन्होंने अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया और खराब सड़कों की मरम्मत जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।

सड़कों की हालत पर अधिकारियों से मांगा जवाब

राहुल गांधी ने बैठक के दौरान सड़कों पर बने गड्ढों को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों की वजह से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों को तत्काल सुधार कार्य शुरू करने और जल्द रिपोर्ट देने को कहा।

बैठक में सड़क सुरक्षा और रखरखाव से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

बैठक से पहले सपा विधायकों ने किया प्रदर्शन

राहुल गांधी के दिशा बैठक में पहुंचने से पहले रायबरेली में सपा विधायकों ने प्रदर्शन किया। सपा विधायक राहुल लोधी और श्याम सुंदर भारती पोस्टर-बैनर लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए।

सपा विधायकों ने सवाल उठाया कि जब लोगों की समस्याएं लगातार बनी हुई हैं तो दिशा बैठक का क्या औचित्य है। पुलिस ने राहुल गांधी के पहुंचने से पहले विधायकों से पोस्टर ले लिए।

बैठक में कई दलों के नेता और अधिकारी रहे मौजूद

राहुल गांधी का कलक्ट्रेट सभागार पहुंचने पर जिलाधिकारी सरनीत कौर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने स्वागत किया। बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडे, राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, अमेठी सांसद केएल शर्मा, सपा विधायक श्याम सुंदर भारती, राहुल लोधी और भाजपा विधायक राकेश कुमार कोरी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। करीब दो घंटे तक चली बैठक में संसदीय क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई।

मनोज पांडे ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

दिशा बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडे ने सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैठक में खाद्य सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

उन्होंने बताया कि रायबरेली में 21 लाख 92 हजार लोगों को पांच किलो गेहूं उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में जिले में 16 हजार छोटी-बड़ी सड़कों का निर्माण कराया गया है।

सपा विधायकों ने उठाए सड़क, पानी और पेंशन के मुद्दे

बैठक के बाद हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी ने सरकार पर समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सड़क, पानी और बाढ़ जैसी समस्याओं को लेकर पहले भी मुद्दे उठाए जाते रहे हैं।

उन्होंने सरकारी स्कूलों की स्थिति और जिला पंचायत की खराब सड़कों का मुद्दा भी बैठक में उठाया। वहीं विधायकों ने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं में सुधार की जरूरत बताई।

राहुल गांधी बैठक के बाद लखनऊ के लिए रवाना हो गए। दौरे के दौरान उन्होंने सांसद निधि से करीब तीन करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इस बार उन्होंने मीडिया के सामने कोई बयान नहीं दिया।

 

Related posts