झांसी (देवेश प्रताप सिंह राठौर): जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी विकास कुमार ने जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराधों की रोकथाम, लंबित मामलों के निस्तारण और पुलिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपराध की स्थिति की समीक्षा, लंबित मामलों के निस्तारण पर जोर
बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपद में अपराध की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने वांछित और वारंटी अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी, लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण तथा जनशिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया।
एसएसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी रखते हुए अपराध नियंत्रण के लिए लगातार प्रयास करने होंगे।
पुलिस गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी के निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पुलिस गश्त और प्रभावी पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इसके साथ ही महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने तथा आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा के निर्देश
बैठक में एसएसपी विकास कुमार ने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें और आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम/लाइन अरीबा नोमान, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर सिमरन सिंह आईपीएस सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।
