ओवरब्रिज पर स्टंटबाजी पड़ी भारी, 40 फीट नीचे ऑटो पर गिरा 21 साल का युवक; CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा

सूरत: गुजरात के सूरत में किम रेलवे ओवरब्रिज पर स्टंट करना 21 साल के एक युवक को भारी पड़ गया। लोहे के गैप के बीच एक खंभे से दूसरे खंभे पर छलांग लगाने की कोशिश के दौरान युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 40 फीट नीचे सड़क पर खड़ी ऑटो-रिक्शा पर जा गिरा। हादसे में युवक की जान बाल-बाल बच गई और उसे मामूली चोटें आईं। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

मूल रूप से बिहार का रहने वाला मोनू सूरत में काम करता है। घटना के दिन वह अपने एक दोस्त के साथ किम रेलवे ओवरब्रिज पर गया था। चश्मदीदों के मुताबिक, दोनों युवक ब्रिज के खंभों पर चढ़कर खतरनाक स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान मोनू ने एक खंभे से दूसरे खंभे पर छलांग लगाने की कोशिश की, लेकिन हवा में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे सड़क पर जा गिरा।

ऑटो-रिक्शा पर गिरने से बची जान

मोनू के नीचे गिरते ही आसपास मौजूद लोग उसकी मदद के लिए दौड़ पड़े। वह करीब 40 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरा, लेकिन ऑटो-रिक्शा पर गिरने की वजह से उसकी जान बच गई। हादसे में मोनू को मामूली चोटें आईं, जबकि नीचे खड़ी ऑटो-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस को दिए बयान में स्टंट से किया इनकार

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मोनू ओवरब्रिज पर स्टंट करते समय नीचे गिरा था। हालांकि, पुलिस को दिए अपने बयान में मोनू ने स्टंट करने की बात से इनकार किया है। उसका कहना है कि उसे रेलवे स्टेशन से जल्दी टिकट लेना था। इसी वजह से उसने ब्रिज के नीचे से शॉर्टकट लेने की कोशिश की और इसी दौरान उसका पैर फिसल गया।

फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। फुटेज में हादसे से पहले युवक की गतिविधियों को भी देखा जा रहा है, ताकि घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।

 

Related posts