नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर से दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बुजुर्ग दंपति की दर्दनाक परिस्थितियों में मौत हो गई। 77 वर्षीय रिटायर्ड रक्षा कर्मचारी गंगाधर भोंगड़े का शव घर के फर्श पर पड़ा मिला, जबकि उनकी 75 वर्षीय लकवाग्रस्त पत्नी कौशल्या भोंगड़े अपने बिस्तर से उठ भी नहीं सकीं और कुछ दिनों बाद उनकी भी मौत हो गई।
बंद घर से आई बदबू ने खोला राज
मामला वाड़ी पुलिस स्टेशन क्षेत्र के महदा कॉलोनी स्थित दावलामेठी का है। शुक्रवार को जब घर से तेज दुर्गंध आने लगी तो पड़ोसियों ने आशंका जताई और परिजनों को सूचना दी। दरवाजा तोड़कर जब लोग अंदर पहुंचे तो रसोई में गंगाधर भोंगड़े का शव और बेडरूम में उनकी पत्नी कौशल्या का शव बिस्तर पर मिला।
पति की मौत के बाद बेसहारा रह गई पत्नी
जानकारी के अनुसार गंगाधर भोंगड़े रसोई में फिसलकर गिर गए थे, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी लंबे समय से लकवाग्रस्त थीं और पूरी तरह पति पर निर्भर थीं। पति की मौत के बाद वह न तो उठ सकीं और न ही किसी से मदद मांग पाईं।
भूख, प्यास और गर्मी बनी मौत की वजह
भीषण गर्मी और भोजन-पानी की कमी के कारण बिस्तर पर पड़ी कौशल्या भोंगड़े कुछ ही दिनों में दम तोड़ बैठीं। पुलिस का अनुमान है कि पति की मौत पहले हुई, जबकि पत्नी कुछ दिन और जीवित रहीं, लेकिन सहायता न मिलने से उनकी भी दर्दनाक मौत हो गई।
बेटी से आखिरी बातचीत में जताई थी मदद की गुहार
पुलिस के अनुसार गंगाधर ने 23 मई को अपनी बड़ी बेटी को फोन कर तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी और अस्पताल जाने की बात कही थी। उन्होंने पत्नी की देखभाल के लिए भी मदद मांगी थी, लेकिन पारिवारिक परिस्थितियों के कारण तत्काल सहायता नहीं मिल सकी।
कई दिनों तक घर बंद रहा, अखबारों से मिला सुराग
पड़ोसियों के मुताबिक घर के बाहर 27 से 29 मई तक के अखबार पड़े थे, जिससे अंदेशा है कि घटना कई दिन पहले हुई होगी। घर में रेडियो चलने की वजह से किसी को तुरंत शक नहीं हुआ।
पुलिस जांच में आपराधिक एंगल नहीं
वाड़ी पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके की जांच की और स्निफर डॉग्स भी बुलाए गए, लेकिन किसी तरह की लूट या संघर्ष के संकेत नहीं मिले। शुरुआती जांच में यह मामला प्राकृतिक लेकिन अत्यंत दर्दनाक परिस्थितियों में हुई मौत का बताया जा रहा है।
यह घटना एक बार फिर बुजुर्गों की अकेली जिंदगी और समय पर सहायता न मिलने के गंभीर सवाल खड़े करती है।
