अबू धाबी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पांच देशों की विदेश यात्रा के पहले चरण में शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी पहुंचे। एयरपोर्ट पर यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नाहयान ने स्वयं उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। दोनों नेताओं की मौजूदगी में भारत और यूएई के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए, जिनमें रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार से जुड़ा एमओयू भी शामिल है।
प्रधानमंत्री मोदी और शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नाहयान के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी हुई। बैठक के दौरान पीएम मोदी ने यूएई द्वारा किए गए स्वागत को भारत के 140 करोड़ लोगों का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि यूएई की वायुसेना द्वारा दिए गए एस्कॉर्ट ने दोनों देशों के मजबूत रिश्तों को और मजबूती दी है।
प्राकृतिक आपदा पर संवेदना जताने के लिए जताया आभार
प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में भारत के कुछ हिस्सों में आई प्राकृतिक आपदा को लेकर यूएई की ओर से जताई गई संवेदनाओं के लिए राष्ट्रपति शेख मोहम्मद का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों के प्रति दिखाई गई संवेदनशीलता दोनों देशों के गहरे रिश्तों को दर्शाती है।
यूएई पर हमलों की भारत ने की कड़ी निंदा
मध्य-पूर्व के मौजूदा हालातों पर बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि किसी भी देश को निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है। पीएम मोदी ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में यूएई नेतृत्व ने जिस संयम और साहस का परिचय दिया है, वह सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि भारत यूएई की राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता के समर्थन में मजबूती से खड़ा है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी स्थिति का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है और भारत हमेशा बातचीत तथा कूटनीति के जरिए समाधान का पक्षधर रहा है।
होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा पर भारत की नजर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित, खुला और बाधारहित बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानूनों के पालन को अनिवार्य बताते हुए कहा कि भारत हर परिस्थिति में यूएई के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में जल्द शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए भारत हरसंभव सहयोग देने को तैयार है।
ऊर्जा और निवेश समेत कई क्षेत्रों पर होगी चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अपनी यात्रा को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति को विशेष स्वागत के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि ऊर्जा, निवेश, आपूर्ति शृंखला और अन्य अहम क्षेत्रों में भारत-यूएई संबंधों को नई ऊंचाई देने को लेकर वह उत्साहित हैं।
