गांधी व शास्त्री जयंती पर आर. पी. मेमोरियल पब्लिक स्कूल में हुआ शैक्षिक प्रदर्शनी का आयोजन…

युवा भाजपा नेता प्रखर गुप्ता ने बच्चों को नवाचार के साथ साथ रचनात्मक कार्य करने का दिया संदेश

उन्नाव। बचपन में मनु नाम का एक सामान्य सा बच्चा महात्मा से लेकर राष्ट्रपिता की उपाधि से अलंकृत हुआ। इसके पीछे उनकी कर्तव्यनिष्ठा व ईमानदारी का बहुत बड़ा योगदान रहा। इसलिए जीवन में कुछ अलग करने वाले बच्चों को गाँधी जी के मूलमंत्रों को आत्मसात करना चाहिए।
राष्ट्रपिता गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री जी की जयंती पर शहर के दरोगा बाग स्थित आर. पी. मेमोरियल पब्लिक स्कूल में एक भव्य शैक्षिक एवं विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन करते समय यह बात भाजयुमो के निवर्तमान अध्यक्ष एवं सदर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण कुमार मिश्र (भानू) ने कही। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडलों और प्रदर्शित सामग्रियों का अवलोकन कर भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें राष्ट्र का कर्णधार बताया।


इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित युवा भाजपा नेता प्रखर गुप्ता ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज का युग ज्ञान और विज्ञान का युग है। इसलिए बच्चों को नवाचार (इनोवेशन) के साथ साथ विज्ञान के क्षेत्र में कुछ नया और रचनात्मक करने का प्रयास निरंतर करते रहना चाहिए, जो उनकी पहचान का आधार बनेगा।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुषमा मिश्रा ने शैक्षिक प्रदर्शनी के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आज के आधुनिक और तेजी से बदलते दौर में बच्चों का सर्वांगीण विकास अत्यंत आवश्यक है। इसी सोच के साथ विद्यालय परिसर में इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है, ताकि विद्यार्थी केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर भाषा, विज्ञान और सामाजिक विषयों में व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर सकें।


प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक से बढ़कर एक मॉडल व निष्प्रयोज्य सामग्री से बेहतर उपकरण बनाकर दिखाए। इनमें से संध्या राजपूत द्वारा निर्मित श्रीकृष्ण जन्मवृत्त, मोनिस द्वारा सृजित चन्द्रयान, अर्पित का बाल्मीकि आश्रम, अभिनव सिंह का महात्मा गाँधी व उनका चर्खा के अतिरिक्त मोहम्मद वैस, आदर्श सविता, मयंक, अयूब, अलशिफ़ा, तनवीर, इंशा, तमन्ना गुप्ता, रेशू, ऋषभ वर्मा, खदीजा, शैवी, समग्र, ऋषिका, पूर्णिमा, एलिजा, सिद्धार्थ, आमना, अनमोल गुप्ता, संगम राजपूत, शौर्य यादव, अनुष्का पाल, अंकुश पाल, इब्राहिम, धैर्य सिंह, रोहन के द्वारा दैनिक जीवन को सुगम व स्पंदित करने वाले उपकरणों का निर्माण अपने हाथों से किया गया।


कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधक उमाकांत मिश्र ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अभिभावकों व शिक्षिकाओं के अथक प्रयासों के द्वारा इस अनूठे कार्यक्रम को भव्य रूप दिया जा सका। कार्यक्रम में मनीषा गौतम, तुलसी गुप्ता, मिसकात फातिमा, इकरा, प्रीति व श्वेता यादव के साथ साथ बड़ी संख्या में अभिभावक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे, उन्होंने छात्रों द्वारा बनाए गए विभिन्न शैक्षिक मॉडलों, विज्ञान प्रोजेक्ट्स एवं कलाकृतियों को देख बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता की जमकर सराहना की।

Related posts