बस्ती से सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- रामभक्तों पर गोली चलवाने वालों को अब अपने कृत्यों के लिए माफी मांगनी चाहिए

बस्ती: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बस्ती जिले में 504.34 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग रामभक्तों पर गोली चलवाते थे और धार्मिक आयोजनों पर रोक लगाते थे, उन्हें अब अपने कृत्यों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

504.34 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम की शुरुआत मखौड़ाधाम, तपसीधाम, बाबा भद्रेश्वनाथ और गुरु वशिष्ठ को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि कर्णधाम मंदिर से जुड़ा समाधान हो चुका है और अब 84 कोसी परिक्रमा मार्ग का भव्य विकास कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले इस परिक्रमा को रोका जाता था, जबकि भाजपा सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का कार्य कर रही है।

‘प्रदेश में 1500 मंदिरों का हो रहा जीर्णोद्धार’

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में करीब 1500 मंदिरों के जीर्णोद्धार का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सरकारी धन कब्रिस्तानों पर खर्च होता था, जबकि अब मंदिरों के विकास और संरक्षण पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले कब्रिस्तान के नाम पर जमीनों पर कब्जे किए जाते थे।

शिक्षा और बिजली व्यवस्था का भी किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं, जहां कक्षा 12 तक निशुल्क शिक्षा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि पहले बिजली व्यवस्था बदहाल थी और लोग बिजली के तारों पर कपड़े सुखाते थे, जबकि अब प्रदेश में बिजली संकट काफी हद तक समाप्त हो चुका है।

राम मंदिर और कर्ण मंदिर को लेकर भी बोले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनने और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण से विपक्ष को पीड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्ण मंदिर का विवाद भी वर्षों तक लंबित रखा गया था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने माता शबरी के नाम पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन व्यवस्था शुरू कराई और धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता दी।

गरीब, किसान और स्वास्थ्य योजनाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान गरीबों को आवास, रसोई गैस और किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिलती थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रधानमंत्री किसान बीमा योजना के तहत सहायता उपलब्ध कराई है और स्वास्थ्य सेवाओं को भी निशुल्क सुविधाओं से जोड़ा है। उनके अनुसार पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं।

महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सरकार का दावा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है और पहले की तुलना में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले दंगे होते थे, जबकि अब ऐसे तत्वों में कानून का भय है। उन्होंने परशुरामपुर की पुरानी घटनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि विकास के लिए सही सोच और नेतृत्व जरूरी है।

‘धार्मिक आयोजनों पर रोक लगाने वालों को माफी मांगनी चाहिए’

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश का लक्ष्य लेकर सरकार आगे बढ़ रही है और बस्ती को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कांवड़ यात्रा और धार्मिक आयोजनों पर रोक लगाई जाती थी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने हिंदुओं को प्रताड़ित किया और रामभक्तों पर गोली चलवाई, उन्हें अब अपने कृत्यों के लिए माफी मांगनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि भद्रेश्वर मंदिर में लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक करते हैं और अब कर्ण मंदिर भी श्रद्धालुओं के लिए तैयार कर दिया गया है।

 

Related posts