जिला स्तरीय अधिकारी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों से साझा करें:- माननीय प्रभारी मंत्री
झाँसी।मंत्री, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश शासन श्री जयवीर सिंह जी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति समीक्षा सहित झाँसी में कोर कमेटी एवं जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की आवश्यक बैठक कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में आयोजित की गई।
बैठक के शुभारंभ पर प्रभारी मंत्री जी ने अधिकारियों को ताकीद करते हुए कहा कि कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान दिया जाए जो जिम्मेदारियां आपको दी गई हैं उन पर खरा उतरे, उन्होंने दोहराते हुए कहा कि आप जो कार्य कर रहे हैं उसका परिणाम आना चाहिए। आप अपने कार्यों और दायित्व के प्रति सजग रहें। इसके अतिरिक्त, उन्होंने प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से संवाद बनाए रखने और टेलीफोनिक संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए माननीय मंत्री जी ने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभिन्न विभागों के नए कार्य/ जीर्णोद्धार कार्यों का शिलान्यास/ उद्घाटन जन प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनसे कराए जाने के भी निर्देश दिए ताकि किए जा रहे कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जा सके।
अभिनव पहल के अंतर्गत प्रभारी मंत्री जी ने जिला प्रशासन के कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त की, इसी अभिनव पहल में जनपद की ग्राम पंचायतों को स्वच्छ बनाने के लिए विशेष अभियान के तहत 08 विकास खंडों की 24 ग्राम पंचायतों का सर्वे के बाद सिमराबारी को कचरा प्रबंधन पायलट प्रोजेक्ट के लिए चुना गया है, जिसके चरण में लगभग 14 ग्राम पंचायतों में भी कचरा प्रबंधन प्रोजेक्ट शुरू किया जा रहा है। उन्होंने आंगनवाड़ी में नवाचार, स्कूलों में नवाचार एवं खेलकूद व डिजिटल लाइब्रेरी का भी कॉल किया जाये जिस पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ऐसे कार्यों के लिए अन्य अधिकारियों को भी प्रोत्साहित किया।
समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री जी ने जनपद में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की जानकारी ली और निर्देश दिए की अधिकारी और बीएलओ। यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों को भी रुचि लेते हुए अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने का सुझाव दिया। इसकी अतिरिक्त उन्होंने अभियान चलाकर लोहापीट सहित अन्य समुदायों को भी मतदाता सूची में शामिल करने हेतु उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा में प्रभारी मंत्री जी द्वारा सीएम आवास ग्रामीण का लक्ष्य 14436 के सापेक्ष 13874 आवास पूर्ण, वित्तीय वर्ष 2026-27 में 4469 का लक्ष्य प्राप्त हुआ अब तक160 आवास पूर्ण करा लिए गए हैं। समीक्षा के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा टैरोली, खास के ग्राम विकास अधिकारी श्री अजय पाल सिंह सेंगर द्वारा योजना में बरती जा रही घोर अनियमितता एंव लापरवाही की शिकायत पर प्रभारी मंत्री जी ने तत्काल हटाए जाने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री जी द्वारा माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान सदस्य विधान परिषद डॉ0 बाबूलाल तिवारी द्वारा डीएवी इंटर कॉलेज को स्थाई निर्माण करते हुए बारात घर बना दिए जाने तथा फैब्रिकेशन की स्थायी दुकान सहित अन्य अवैध निर्माण कराए जाने की शिकायत की, जिस पर प्रभारी मंत्री जी द्वारा तत्काल एफआइआर दर्ज करते हुए प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए। इसी दौरान एमएलसी डॉक्टर तिवारी ने बीके डी में प्राचार्य का कार्यकाल 5 वर्ष पूर्व हो जाने पर वरिष्ठता अनुसार कार्यवाही किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि शासनादेश के अनुसार अनुपालन हो, उन्होंने बुंदेलखंड कॉलेज सोसाइटी झांसी की फर्जी सदस्यता की जांच कराए जाने की बात कही, जिस पर प्रभारी मंत्री जी ने तत्काल मजिस्ट्रेट द्वारा जांच कराए जाने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों द्वारा विद्युत विभाग के कार्यों की एवं उच्च अधिकारियों द्वारा समस्याओं का निराकरण न करने की शिकायत पर विद्युत विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में विद्युत समस्याओं को समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए। महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने टास्क फोर्स द्वारा की जा रही असमय घरों पर कार्यवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे बंद करने की मांग की, विधायक बबीना श्री राजीव सिंह पारिछा ने भी विजिलेंस टीम के द्वारा की जा रही कार्यवाही पर नाराजगी व्यक्त की, इसके अतिरिक्त विधायक गरौठा श्री जवाहरलाल राजपूत ने खड़ैनी क्षेत्र के जेई एवं विजिलेंस के एक अधिकारी की शिकायत करते हुए क्षेत्र से हटाए जाने की बात कही। सभी जनप्रतिनिधियों को जवाब देते हुए मुख्य अभियंता विद्युत ने बताया कि छोटे व्यापारी एवं उद्यमियों को विजिलेंस वाले अब कोई कार्यवाही नहीं करेंगे।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने शासन द्वारा संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण में यदि कोई आवास विहीन है, उसका आवेदन लेते हुए जांच कराएं और पात्र पाए जाने पर तत्काल आवास स्वीकृत करें, उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यदि व्यक्ति पात्र रहे और सूची में नाम न हो तो उसे भी आवास का लाभ दिया जाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक का संचालन करते हुए मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने आज की बैठक में प्रत्येक विभाग की एक-एक परियोजना की प्रगति के विषय में जानकारी दी।
बैठक से पूर्व मा0 प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह माननीय मंत्री, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग, उत्तर प्रदेश ने सर्किट हाउस में कोर कमेटी की बैठक ली। बैठक में समस्त जनप्रतिनिधियों द्वारा जनपद के विकास और योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक में मेयर बिहारी लाल आर्य, महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह, जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, विधायक बबीना राजीव सिंह परीछा, विधायक गरौठा जवाहर लाल राजपूत, सदस्य विधान परिषद रामतीर्थ सिंघल,सदस्य विधान परिषद डॉ0 बाबूलाल तिवारी, अध्यक्ष गौ सेवा संस्थान श्याम बिहारी गुप्ता, जिलाधिकारी गौरांग राठी , सीडीओ रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, नगर आयुक्त ए सूदन, सीएमओ डाॅ0 शिशिर पुरी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ अरविंद कुमार,अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री ए के गुप्ता, अपर जिलाधिकारी वित्त एंव राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा, सचिव जेडीए गौरव शुक्ला,एडीएम नमामी गंगे योगेन्द्र कुमार, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी डीके शर्मा, सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह, डीएसटीओ डॉ0 अर्चना सिंह, सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
