CM Yogi Ayodhya Visit: अयोध्या को 432 करोड़ की बड़ी सौगात, आज कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

अयोध्या: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार, 10 जुलाई को अयोध्या के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के सोहावल में करीब 432 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत 163 करोड़ रुपये की 86 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 269 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास होगा।

इन परियोजनाओं का होगा लोकार्पण

लोकार्पित होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में मसौधा स्थित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में ट्रांजिट हॉस्टल, ड्रग वेयरहाउस, बीकापुर में राजकीय महाविद्यालय का निर्माण, पर्यटन विकास से जुड़ी योजनाएं, लोहिया पुल के पास निर्मित डाक बंगला, ग्रामीण पेयजल योजनाएं, लोक निर्माण विभाग की सड़क परियोजनाएं तथा खिरौनी-सुचित्तागंज और भरतकुंड-भदरसा के विभिन्न वार्डों में इंटरलॉकिंग कार्य शामिल हैं।

कई नई परियोजनाओं की रखी जाएगी आधारशिला

मुख्यमंत्री बीकापुर तहसील के मऊ में वृहद गो संरक्षण केंद्र, सुरवारी में सामुदायिक केंद्र भवन, कंपोजिट विद्यालय अरथर के उच्चीकरण और राजकीय व महिला पॉलिटेक्निक संस्थानों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना जैसी परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे।

इसके अलावा बिछिया झील की आर्द्र भूमि को ईको-पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित करने, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक से फोरलेन सड़क निर्माण, नगर पंचायत बीकापुर, भरतकुंड-भदरसा और खिरौनी-सुचित्तागंज के विभिन्न वार्डों में सड़क, इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण से जुड़ी परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी जाएगी।

शिक्षा, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा

इन विकास कार्यों के जरिए शिक्षा, पर्यटन, पेयजल, सड़क संपर्क और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। राजकीय महाविद्यालय, ड्रग वेयरहाउस, गो संरक्षण केंद्र और ईको-पर्यटन से जुड़ी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

 

Related posts