नई दिल्ली: वीकेंड पर अगर आप ओटीटी पर कोई दमदार फिल्म देखने का प्लान बना रहे हैं, तो स्पोर्ट्स, एक्शन और थ्रिल से भरपूर फिल्म ‘पेड्डी’ आपकी वॉचलिस्ट में शामिल हो सकती है। सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन के बाद अब यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर भी दर्शकों का दिल जीत रही है। रिलीज के महज 24 घंटे के भीतर ही फिल्म ने प्लेटफॉर्म की टॉप ट्रेंडिंग सूची में पहला स्थान हासिल कर लिया।
ओटीटी पर मिल रहा जबरदस्त रिस्पॉन्स
9 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई ‘पेड्डी’ को दर्शकों का शानदार समर्थन मिल रहा है। करीब 3 घंटे 7 मिनट लंबी इस स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा ने रिलीज के साथ ही कई ट्रेंडिंग फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए नंबर-1 की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया।
दमदार स्टारकास्ट से सजी है फिल्म
निर्देशक बुचि बाबू सना के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राम चरण, जाह्नवी कपूर, दिव्येंदु शर्मा, शिव राजकुमार, जगपति बाबू और बोमन ईरानी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। फिल्म 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और रिलीज के बाद चर्चा के साथ-साथ विवादों में भी रही।
बॉक्स ऑफिस पर भी दिखाया दम
‘पेड्डी’ ने बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया। फिल्म ने 180 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करते हुए तेलुगु सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली क्षेत्रीय फिल्मों में अपनी जगह बनाई। वहीं दुनियाभर में इसका कुल कारोबार लगभग 333 करोड़ रुपये तक पहुंचा। हालांकि हिंदी संस्करण का प्रदर्शन अपेक्षाकृत सीमित रहा, लेकिन विदेशी बाजारों में फिल्म को अच्छा प्रतिसाद मिला।
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी एक गांव में रहने वाले दिहाड़ी मजदूर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो खेलों में असाधारण प्रतिभा रखता है। वह क्रिकेट और पहलवानी दोनों में माहिर होता है और अपने हुनर के दम पर मजदूरी करके जीवनयापन करता है। आगे चलकर वह अपने गांव को आधिकारिक पहचान और रेलवे स्टेशन दिलाने के लिए भ्रष्ट राजनीतिक व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष करता है। फिल्म में स्पोर्ट्स, एक्शन, ड्रामा और राजनीतिक घटनाक्रम का मिश्रण देखने को मिलता है।
वीकेंड पर बन सकती है शानदार पसंद
यदि आपने अभी तक ‘पेड्डी’ नहीं देखी है, तो इसे नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है। ओटीटी पर रिलीज के बाद जिस तरह फिल्म को दर्शकों का समर्थन मिला है, उससे यह इस समय प्लेटफॉर्म की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल हो गई है।
