गांधी जयंती पर राजघाट पहुंचे राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी, राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने बापू को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली: गांधी जयंती के मौके पर देशभर में महात्मा गांधी को याद किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा समेत कई नेताओं ने भी बापू को श्रद्धांजलि दी।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी राजघाट जाकर गांधी जी को श्रद्धांजलि दी। दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू गांधी जयंती के अवसर पर राजघाट स्थित गांधी समाधि पर आयोजित सर्व-धर्म प्रार्थना में शामिल हुए।

लाल बहादुर शास्त्री को भी किया नमन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विजय घाट पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी विजय घाट जाकर पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

जेपी नड्डा ने किया श्रमदान

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने गांधी जयंती के अवसर पर नई दिल्ली में कर्तव्य भवन-1 के समीप श्रमदान किया। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के मौके पर स्वच्छ भारत अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने लोगों से शहर को साफ-सुथरा रखने की अपील भी की।

राष्ट्रपति मुर्मू ने गांधी के शांति और अहिंसा के संदेश को किया याद

गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके विचारों को याद किया था। उन्होंने कहा था कि दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और संघर्ष के माहौल के बीच गांधी जी का शांति और अहिंसा का संदेश पहले से अधिक प्रासंगिक हो गया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि वैश्विक समुदाय महात्मा गांधी के जीवन और उनके आदर्शों का व्यापक रूप से सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई क्षेत्रों में अशांति और युद्ध का वातावरण है, जिसका प्रभाव सभी देशों पर पड़ रहा है। ऐसे समय में गांधी जी के शांति और अहिंसा के संदेश की प्रासंगिकता और बढ़ जाती है।

Related posts