निराला प्रेक्षागृह में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित हुआ सफाई मित्र सम्मान एवं शिविर

उन्नाव‌। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत निराला प्रेक्षागृह में सफाई मित्र सम्मान एवं शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक पंकज गुप्ता मौजूद रहे। नगर पालिका परिषद उन्नाव के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार गौतम ने गुलदस्ता भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक पंकज गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने नगर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा किट एवं प्रशस्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि सफाई मित्र स्वच्छ और स्वस्थ समाज की आधारभूत कड़ी हैं। वे प्रतिदिन अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनके सम्मान के साथ-साथ उनकी सुरक्षा का ध्यान रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। स्वच्छ वातावरण के लिए जनभागीदारी और जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने सफाई मित्रों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उनके प्रति सम्मान और सहयोग की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।

इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं सफाई मित्रों ने स्वच्छता, सफाई एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण की। सदर विधायक ने सफाई मित्रों को सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सेवा में निरंतर जुटे इन कर्मियों का सम्मान हम सभी का दायित्व है।

Related posts