छठी मइया के पारंपरिक गीतों से गूंजे घाट, व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य

झांसी। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा को लेकर झांसी में विशेष उत्साह देखने को मिला। छठ पूजा के अवसर पर घाटों पर सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। पूर्वी उत्तर प्रदेश और विशेषकर बिहार से आकर झांसी में रह रहे परिवारों के लोग बड़ी संख्या में पूजा में शामिल होने पहुंचे।

घाट पर महिलाओं ने छठी मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए पूजा की तैयारियां कीं। कोई पूजा की सामग्री, फल और सूप सजा रहा था तो कोई घाट पर पूजन स्थल को व्यवस्थित करने में जुटा था। छठी मइया के भक्तिमय गीतों से पूरा घाट गुंजायमान हो उठा और वातावरण श्रद्धा एवं भक्ति से सराबोर नजर आया।

पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा में शामिल हुए और विधि-विधान से सूर्य देव एवं छठी मइया की आराधना की। व्रती महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की।

बिहार और पूर्वांचल की संस्कृति से जुड़े इस महापर्व को लेकर झांसी में रहने वाले परिवारों में खासा उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठ पूजा में भाग लेकर अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और जड़ों से जुड़ाव का संदेश दिया।

Related posts