नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है, वहीं 15 नवंबर से सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और बर्फबारी ला सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। वहीं दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 15 और 16 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश से दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर अब भी चिंताजनक
दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 349 दर्ज किया गया है। नोएडा में यह 286, ग्रेटर नोएडा में 328 और गाजियाबाद में 348 रहा। गुरुग्राम का AQI 317 दर्ज किया गया है। कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब स्थिति में बना हुआ है।
मौसम में बदलाव और बारिश के बाद हवा में मौजूद प्रदूषक कणों की मात्रा कम हो सकती है। इससे दिल्ली-NCR के लोगों को प्रदूषण से कुछ राहत मिलने की संभावना है। हालांकि, बारिश के बाद वायु गुणवत्ता में कितना सुधार होगा, यह स्थानीय मौसम और हवा की गति पर भी निर्भर करेगा।
पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में मौसम बदलने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 14 और 15 नवंबर को बारिश तथा बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है।
कश्मीर के शोपियां, कुलगाम, बडगाम, कुपवाड़ा, बारामुला और बांदीपोरा में हिमपात की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली और कुल्लू के साथ उत्तराखंड के पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और चमोली में भी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी है।
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में छिटपुट बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14-15 नवंबर को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। पूर्वी राजस्थान में भी 15 नवंबर को कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र 14 और 15 नवंबर के दौरान डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके बाद 16 नवंबर की शाम तक इसके और प्रबल होकर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है। इस मौसमी सिस्टम का असर अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में दिखाई दे सकता है।
अंडमान-निकोबार में 19 नवंबर तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। यहां तेज आंधी और बिजली गिरने का भी अलर्ट है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 18 और 19 नवंबर को भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
पश्चिम बंगाल में कोलकाता, हावड़ा, पश्चिमी मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना के इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का असर दिख सकता है। मछुआरों को 15 नवंबर के बाद बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार क्षेत्र के समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश के आसार
अरब सागर में सक्रिय चक्रवाती तूफान के प्रभाव से दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भी बारिश की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 14 नवंबर के साथ 16 से 19 नवंबर के बीच बारिश हो सकती है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में 15 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान है।
केरल और माहे में 13 से 15 नवंबर और फिर 16 से 19 नवंबर के बीच मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। तटीय आंध्र प्रदेश में भी 18 और 19 नवंबर को भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मध्य भारत में फिलहाल बड़े बदलाव के संकेत नहीं
महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि, पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के आसपास मौसमी परिस्थितियों में बदलाव देखने को मिल सकता है।
