
उन्नाव। नगर क्षेत्र में जलभराव और वार्ड की विभिन्न समस्याओं को लेकर बुधवार को सभासदों और स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। बता दे कि प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका की प्रतीकात्मक अर्थी रखकर नारेबाजी की और समस्याओं के जल्द समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शन में सभासद सतीश यादव, आरिफ उर्फ सानू, अफाक अहमद और सीबू समेत लोकनगर मोहल्ले के लोग शामिल रहे। लोगों का कहना था कि बारिश के दौरान कई वार्डों में जलभराव की समस्या गंभीर हो जाती है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रदर्शनकारियों ने वार्डों में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने, नालियों की नियमित सफाई कराने और अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग की। इस दौरान नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। सभासदों और स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
