अमरावती में बनेगा देश का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन! 1,500 एकड़ में एयरपोर्ट जैसा मेगा हब, 24 प्लेटफॉर्म से रोजाना 3 लाख यात्रियों की आवाजाही

अमरावती: आंध्र प्रदेश की नई राजधानी अमरावती में एक विशाल और अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन विकसित करने की तैयारी है। करीब 2,245 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। प्रस्तावित स्टेशन का परिसर 1,500 एकड़ में फैला होगा। इसमें 24 हाईटेक प्लेटफॉर्म और एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं वाले चार बड़े यात्री टर्मिनल बनाए जाने की योजना है। दावा है कि स्टेशन से रोजाना तीन लाख से अधिक यात्री आवाजाही कर सकेंगे। इस परियोजना के लिए 57 किलोमीटर लंबी नई ब्रॉडगेज रेलवे लाइन भी बिछाई जा रही है।

स्टेशन को अगले 40 से 50 वर्षों की जरूरतों के हिसाब से विकसित करने की योजना है। इसके तहत कृष्णा नदी पर 3.2 किलोमीटर लंबा रेलवे पुल भी बनाया जा रहा है। यह परियोजना अमरावती को देश के प्रमुख रेल नेटवर्क से जोड़ने के साथ राजधानी क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभा सकती है।

अमरावती को जोड़ने के लिए 57 किलोमीटर की नई रेल लाइन

अमरावती को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए एर्रुपालेम-अमरावती-नंबूरू के बीच 57 किलोमीटर लंबी नई ब्रॉडगेज लाइन बिछाई जा रही है। इसके अलावा शहर के भीतर स्थानीय आवागमन के लिए मेट्रो कनेक्टिविटी विकसित करने की भी योजना है।

प्रस्तावित रेल कनेक्टिविटी के जरिए दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों तक पहुंच आसान बनाने का लक्ष्य है। परियोजना से जुड़े विवरण के मुताबिक, हैदराबाद तक करीब 70 मिनट, चेन्नई तक 112 मिनट और बेंगलुरु तक लगभग दो घंटे में पहुंचने की तैयारी है। मुंबई और कोलकाता जैसे बड़े शहरों से भी अमरावती की सीधी रेल कनेक्टिविटी प्रस्तावित है।

कब तक पूरा होगा रेलवे स्टेशन का निर्माण?

आंध्र प्रदेश राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण ने इस परियोजना के लिए रेलवे की जमीन की पहचान कर ली है। खबर के मुताबिक, करीब 80 फीसदी भूमि अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है। इस मेगा प्रोजेक्ट को दो से तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

परियोजना पूरी होने पर अमरावती में पर्यटन, रियल एस्टेट और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। स्टेशन की प्रमुख विशेषताएं इस प्रकार हैं:

  • 1,500 एकड़ में फैला विशाल परिसर
  • 24 हाईटेक प्लेटफॉर्म और चार यात्री टर्मिनल
  • रोजाना तीन लाख से अधिक यात्रियों की क्षमता
  • करीब 2,245 करोड़ रुपये की लागत
  • 57 किलोमीटर लंबी नई ब्रॉडगेज रेल लाइन
  • कृष्णा नदी पर 3.2 किलोमीटर लंबा रेलवे पुल

सेमी हाईस्पीड ट्रैक और कवच सुरक्षा प्रणाली

अमरावती रेल सेक्शन को सेमी हाईस्पीड ट्रेनों की क्षमता के अनुरूप विकसित करने की योजना है। ट्रैक का अलाइनमेंट इस तरह तैयार किया जा रहा है कि अनावश्यक घुमावदार मोड़ कम हों और ट्रेनें अधिक गति से चल सकें।

इस रेल सेक्शन में स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली कवच लगाने की भी योजना है। इससे कोहरे और खराब मौसम जैसी परिस्थितियों में ट्रेन संचालन को अधिक सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी। रेलवे मार्ग का डिजाइन तैयार करने में हाई-रिजॉल्यूशन सैटेलाइट डेटा का इस्तेमाल किया जा रहा है।

कृष्णा नदी के आसपास बाढ़ के खतरे को देखते हुए स्टेशन और रेलवे पुल की योजना में पिछले 100 वर्षों के आंकड़ों को ध्यान में रखा जा रहा है। इसका उद्देश्य बाढ़ के जोखिम को कम करने के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाना है।

सोलर पैनल से बिजली की जरूरत पूरी करने की तैयारी

इस परियोजना में पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया गया है। दावा है कि हाईटेक रेलवे लाइन से कोंडापल्ली वन क्षेत्र को नुकसान नहीं होगा और इससे करीब छह करोड़ किलोग्राम कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन की बचत होगी। इसे 25 लाख पेड़ों के बराबर बताया गया है।

स्टेशन की विशाल छत, प्लेटफॉर्म की दीवारों और पार्किंग क्षेत्र में सोलर पैनल लगाने की योजना है। इसके जरिए स्टेशन की बिजली जरूरतों का बड़ा हिस्सा खुद पूरा करने का लक्ष्य है। परिसर में एलईडी लाइटिंग, छत के पंखे और सेंट्रल एयर कंडीशनिंग जैसी सुविधाएं भी होंगी।

पारीताला में बनेगा मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स हब

अमरावती परियोजना के तहत पारीताला में अत्याधुनिक मल्टी मॉडल कार्गो टर्मिनल विकसित करने की योजना है। यह सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग-65 से जुड़ा होगा और मछलीपट्टनम बंदरगाह तक रेल संपर्क उपलब्ध कराएगा। इससे माल ढुलाई को तेज और किफायती बनाने में मदद मिल सकती है।

यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनें और कई भाषाओं में ई-टिकटिंग पोर्टल उपलब्ध कराने की योजना है। पूरे परिसर में हाईस्पीड वाई-फाई, लैपटॉप चार्जिंग स्टेशन और वर्क फ्रॉम स्टेशन जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं।

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बेहतर हवा के लिए उन्नत वेंटिलेशन और एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग सिस्टम लगाए जाएंगे। इस तरह स्टेशन को केवल रेल यात्रा का केंद्र नहीं, बल्कि आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस परिवहन हब बनाने की तैयारी है।

अभी भारत का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन कौन सा है?

मौजूदा रेलवे स्टेशनों की बात करें तो पश्चिम बंगाल का हावड़ा जंक्शन देश के सबसे बड़े और व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल है। यहां 24 प्लेटफॉर्म और 25 रेलवे ट्रैक हैं। इसके बाद सियालदह, कोलकाता और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस जैसे प्रमुख स्टेशन आते हैं।

वहीं, प्लेटफॉर्म की लंबाई के आधार पर कर्नाटक का श्री सिद्धारूढ़ स्वामीजी हुबली जंक्शन खास पहचान रखता है। यहां 1,507 मीटर लंबा प्लेटफॉर्म है, जिसे दुनिया के सबसे लंबे रेलवे प्लेटफॉर्म का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल है।

अमरावती में बन रहे हैं कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट

आंध्र प्रदेश और केंद्र सरकार अमरावती को ग्रीनफील्ड मेगा सिटी के रूप में विकसित कर रहे हैं। राजधानी क्षेत्र में सचिवालय और सरकारी विभागों के लिए पांच विशाल टावर बनाए जा रहे हैं, जिनकी ऊंचाई 49 मंजिल तक होगी।

विश्व प्रसिद्ध वास्तुकार फर्म फॉस्टर + पार्टनर्स के डिजाइन पर आधुनिक विधानसभा और बौद्ध स्तूप के आकार वाली हाईकोर्ट इमारत भी प्रस्तावित है। इसके अलावा 2,534 करोड़ रुपये की लागत से 11 बड़े टावर वाला सेंट्रल गवर्नमेंट कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा।

190 किलोमीटर लंबा आउटर रिंग रोड भी बन रहा

अमरावती में 190 किलोमीटर लंबा छह लेन का ग्रीनफील्ड आउटर रिंग रोड बनाने की योजना है। यह विजयवाड़ा, गुंटूर, तेनाली और विजयवाड़ा एयरपोर्ट को सीधे राजधानी क्षेत्र से जोड़ेगा। इससे भारी वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश किए बिना बाहर से गुजरने का रास्ता मिलेगा।

राजधानी क्षेत्र को राष्ट्रीय राजमार्ग-16 से जोड़ने के लिए कैपिटल रोड भी विकसित की जाएगी। वहीं, प्रकाशम बैराज के पास कृष्णा नदी पर 593 करोड़ रुपये की लागत से 320 मीटर लंबा केबल ब्रिज बनाया जा रहा है।

हाईटेक सुविधाओं के साथ ग्रीनफील्ड कैपिटल सिटी

अमरावती को आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए जमीन के नीचे इंटीग्रेटेड यूटिलिटी डक्ट बिछाए जा रहे हैं। इनमें बरसाती पानी और पेयजल की पाइपलाइन, गैस, बिजली की केबल और हाईस्पीड इंटरनेट के ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क को जगह मिलेगी। इससे भविष्य में सड़कों की बार-बार खुदाई की जरूरत कम करने का लक्ष्य है।

शहर को नौ विशेष आर्थिक क्षेत्रों में विकसित करने की योजना है। इनमें न्यायिक संस्थानों के लिए जस्टिस सिटी और शैक्षणिक संस्थानों के लिए नॉलेज सिटी शामिल हैं। नॉलेज सिटी में एसआरएम यूनिवर्सिटी, वीआईटी, अमृता यूनिवर्सिटी, एम्स मंगलगिरी और एनआईडी जैसे संस्थानों का उल्लेख है। इसके अलावा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, रिसर्च सेंटर और बैंकिंग एवं वित्तीय प्रौद्योगिकी केंद्र विकसित करने की भी योजना है।

Related posts