मानसून ने बदली चाल, कई राज्यों में झमाझम बारिश का अलर्ट; दिल्ली-NCR में भी बरस सकते हैं बादल, जानें आज का मौसम

नई दिल्ली: देश में मानसून की गतिविधियों में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। मानसून धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है, लेकिन बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में बना नया कम दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। इसके प्रभाव से गुरुवार 13 अगस्त को देश के पूर्वी और मध्य हिस्सों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में यह मौसम प्रणाली पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकती है।

बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में बने इस सिस्टम के अगले 12 घंटे में स्पष्ट कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने और उसके बाद 24 घंटे के भीतर और मजबूत होकर डिप्रेशन में तब्दील होने की संभावना जताई गई है। इसके चलते पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी दिल्ली में गुरुवार को मौसम अपेक्षाकृत शांत और सुहावना रहने का अनुमान है। हालांकि, बारिश की संभावना पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह से शाम के बीच एक-दो बार बहुत हल्की बारिश हो सकती है।

दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

आज इन राज्यों में भारी बारिश के आसार

बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में बने चक्रवाती परिसंचरण से कम दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ है। इसके साथ ही सक्रिय मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर बनी हुई है। इन दोनों मौसमी परिस्थितियों के कारण देश के कई हिस्सों में बारिश के लिए अनुकूल माहौल बना हुआ है।

गुरुवार 13 अगस्त तक पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है। छत्तीसगढ़ में भी कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

इसके अलावा झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, पश्चिमी मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, केरल, कर्नाटक, कोंकण और गोवा, पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों तथा तमिलनाडु में भी भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

पश्चिमी हिमालय से लेकर मध्य भारत तक बारिश का असर

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में व्यापक स्तर पर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में 13 और 14 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है।

पश्चिमी मध्य प्रदेश में गुरुवार को भारी बारिश के आसार हैं। गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी सक्रिय मानसून का प्रभाव बना रहेगा। वहीं कर्नाटक और केरल के तटीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

14 अगस्त से उत्तर भारत में बढ़ेगी बारिश

14 अगस्त से उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्से में मौसम के और नम होने का अनुमान है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है।

इससे पहले बुधवार सुबह तक पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में बहुत ज्यादा बारिश दर्ज की गई। महाराष्ट्र, गुजरात और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कई जगहों पर भारी बारिश की सूचना मिली है।

 

Related posts