उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के देवीखेड़ा गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट, फायरिंग और महिलाओं के साथ अभद्रता का गंभीर आरोप लगा है। मामले में गांव निवासी नवनीत सिंह ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर कई लोगों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करने की मांग की है। शिकायत के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे नवनीत सिंह, आशीष कुमार सिंह और मिथिलेश सिंह अपने खेत में काम कर रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान कई लोग मौके पर पहुंचे और जमीन छोड़ने का दबाव बनाने लगे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपितों ने जेसीबी से आरसीसी के पिलर और आम का पेड़ उखाड़कर फेंक दिया। बता दे कि आरोप है कि इसी दौरान रविंद्र बहादुर सिंह ने आशीष कुमार सिंह की ओर तीन राउंड फायरिंग की। इसके बाद कुछ लोगों ने आशीष के सिर पर डंडे और ईंट से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे नवनीत सिंह के साथ भी मारपीट की गई।
शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि आशीष की पत्नी प्रियंका सिंह मौके पर पहुंचीं तो उनके साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की गई। साथ ही एक व्यक्ति पर रिवॉल्वर तानकर अभद्रता करने के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आशीष और प्रियंका के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।
