PM मोदी की माफी के बाद नाबालिग को बड़ी राहत, जंतर-मंतर विवाद में दिल्ली पुलिस ने FIR पर आगे कार्रवाई रोकी

नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले महीने हुए कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली नाबालिग लड़की को बड़ी राहत मिली है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में दर्ज एफआईआर पर आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करने का फैसला किया है। यह निर्णय उस समय आया है जब नाबालिग ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए अपनी गलती स्वीकार की थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उसे माफ करने की बात कह चुके थे।

23 जुलाई की घटना के बाद दर्ज हुई थी जीरो एफआईआर

यह मामला 23 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से जुड़ा है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर नोएडा पुलिस ने पहले जीरो एफआईआर दर्ज की थी। बाद में जांच के लिए मामला दिल्ली पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया। वायरल वीडियो में नाबालिग लड़की प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करती दिखाई दी थी।

माफी मांगते हुए बोली- बहकावे में आकर हुई गलती

वीडियो वायरल होने के बाद नाबालिग ने एक वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उसने दावा किया कि उसकी उम्र 15 वर्ष है और प्रदर्शन स्थल पर मौजूद कुछ लोगों के उकसावे में आकर उसने आपत्तिजनक बातें कही थीं। उसने अपने बयान पर खेद जताते हुए कहा कि उसे अपनी गलती का एहसास हो चुका है और वह लगातार माफी मांगती रहेगी।

लड़की ने यह भी आरोप लगाया कि उसके खिलाफ दर्ज एफआईआर में नाम, उम्र और पते से जुड़ी जानकारी गलत दर्ज की गई है। उसने यह भी कहा कि उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं और पुलिस की कार्रवाई से वह मानसिक रूप से परेशान है।

PM मोदी ने कहा था- भटके हुए बच्चों को माफ करता हूं

इस मामले पर सोशल मीडिया में नाबालिग के प्रति नरमी बरतने की मांग उठने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक इंस्टाग्राम रील के माध्यम से प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि वह “भटके हुए बच्चों” को माफ करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे बच्चों को सजा देकर या अदालतों के चक्कर लगवाकर परिस्थितियां नहीं बदलेंगी और समाज को भी उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना चाहिए।

मां ने FIR वापस लेने की थी अपील

नाबालिग की मां ने भी प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा था कि उन्होंने उनकी बेटी को माफ कर बड़ी उदारता दिखाई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से एफआईआर वापस लेने की अपील की थी। साथ ही उन्होंने यह भी अनुरोध किया था कि उनकी बेटी को प्रधानमंत्री का संरक्षण मिले और परिवार को सुरक्षित रहने की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।

मां ने बताया था कि लड़की के पिता का निधन हो चुका है। उन्होंने नाबालिग बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग को लेकर भी सख्त नियम बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया था, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

क्या था पूरा मामला?

पिछले महीने दिल्ली के जंतर-मंतर पर अभिजीत दीपके की अगुवाई में आयोजित सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान एक नाबालिग लड़की का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करती दिखाई दी थी। इसके बाद नोएडा पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की थी। बाद में लड़की ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा कि वह बहकावे में आ गई थी और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगी। अब दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर पर आगे कार्रवाई नहीं करने का निर्णय लिया है।

 

Related posts