ऑपरेशन जागृति के तहत झांसी में बहू-बेटी सम्मेलन, महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, साइबर अपराध व हेल्पलाइन की दी गई जानकारी

झांसी (देवेश प्रताप सिंह राठौर): महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन जागृति अभियान के तहत जिले में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह और क्षेत्राधिकारी गरौठा पीयूष कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में थाना मऊरानीपुर और थाना गुरसराय क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न विषयों पर जागरूक किया गया।

चौपाल लगाकर महिलाओं से किया सीधा संवाद

कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग स्थानों पर चौपाल आयोजित कर पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्हें महिला सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों और कानून से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ और उत्पीड़न जैसी घटनाओं की स्थिति में अपनाई जाने वाली कानूनी प्रक्रिया और पुलिस की कार्रवाई के बारे में विस्तार से बताया गया।

साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचने के दिए सुझाव

पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी बिना देर किए पुलिस को देने की अपील की, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

महिला हेल्पलाइन और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

सम्मेलन के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला सुरक्षा हेल्पलाइन और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या अन्य समस्या की स्थिति में बिना किसी भय या संकोच के हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने और तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

समस्याएं सुनीं, हरसंभव मदद का भरोसा दिया

कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनकी सुरक्षा व सहायता के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

 

Related posts