बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी और मध्य प्रदेश के धार में शनिवार सुबह हुए अलग-अलग सड़क हादसों में कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रक की जोरदार टक्कर हुई, वहीं धार में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। दोनों हादसों में घायलों का इलाज कराया जा रहा है।
बिहार जा रही बस को पीछे से ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर
बाराबंकी के हैदरगढ़ क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर यह हादसा शनिवार तड़के करीब 5 बजे हुआ। सुबेहा थाना क्षेत्र के गेरांवा गांव के पास एक्सप्रेसवे के 52.7 किलोमीटर पर दिल्ली से करीब 80 यात्रियों को लेकर बिहार जा रही बस को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस को रोककर दोनों चालक पहियों में हवा चेक कर रहे थे। इसी दौरान ट्रक की टक्कर की चपेट में दोनों चालक आ गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान अजय कुमार यादव और दीप चन्दर राय के रूप में हुई है।
ट्रक चालक और क्लीनर समेत कई यात्री घायल
इस भीषण हादसे में ट्रक चालक, क्लीनर और बस में सवार आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही सुबेहा थाना पुलिस, एक्सप्रेसवे राहत टीम और एंबुलेंस कर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय बाराबंकी भेजे गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
कुछ महीने पहले भी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ था, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई थी।
धार में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, 3 की मौत
मध्य प्रदेश के धार जिले में भी शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। बदनावर के महू-नीमच फोरलेन स्थित पिटगारा चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची घायल हो गई।
घायल बच्ची को बदनावर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर फोरलेन को जाम कर दिया।
एक घंटे तक जाम रहा फोरलेन, वाहनों की लगी लंबी कतार
ग्रामीणों द्वारा किए गए जाम के कारण करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। रतलाम-इंदौर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हादसे के बाद मौके पर स्थिति तनावपूर्ण रही और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।
