संविधान संवाद अभियान के तहत छात्राओं को दी गई संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी…….

झांसी। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झांसी कमलेश कच्छल के कुशल मार्गदर्शन में संचालित संविधान संवाद जागरूकता अभियान के अंतर्गत सूरज प्रसाद राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, झांसी में विधिक साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिविल जज (जू.डि.) नंदिनी अग्निहोत्री उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने छात्राओं एवं शिक्षकगण को भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ कराया। उन्होंने संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारा संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे विद्यार्थी जीवन से ही संवैधानिक मूल्यों को अपने आचरण में आत्मसात करें।

  रिसोर्स पर्सन सचिन जैन ने छात्राओं को संविधान में निहित मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों की विस्तार से जानकारी देते हुए अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के वरिष्ठ लिपिक श्री आदिल जाफरी ने प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों एवं समाज के कमजोर तथा जरूरतमंद वर्गों के लिए संचालित विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी दी।

 परा-विधिक स्वयंसेवक समीरा खान ने छात्राओं को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की पात्रता तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन संख्या 15100 की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या सुष्मिता वर्मा ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कोऑर्डिनेटर सुमन आर्या, परा-विधिक स्वयंसेवक नेहा , विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Related posts