प्रेम-प्रसंग में रोड़ा बना बेटा तो पिता ने रची खौफनाक साजिश, गला रेता और लोढ़े से सिर पर किए ताबड़तोड़ वार

गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। खोड़ारे थाना क्षेत्र के बनकटवा साबरपुर गांव में मंगलवार रात एक पिता ने कथित प्रेम-प्रसंग में रोड़ा बन रहे अपने बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। गहरी नींद में सो रहे बेटे का धारदार हथियार से गला रेतने के बाद आरोपी ने उसके सिर पर लोढ़े से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस आरोपी पिता की तलाश में जुटी है।

कमरे में सो रहा था बेटा, बाहर से बंद था दरवाजा

परिजनों के मुताबिक, आरोपी नसरुल्लाह खान देर रात घर पहुंचा था। खाना खाने के बाद वह लेटने चला गया। उसका मझला बेटा तौफीक अलग कमरे में सो रहा था। आरोप है कि नसरुल्लाह ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और फिर अंदर पहुंचकर तौफीक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

आरोप है कि उसने तौफीक का गला रेतने की कोशिश की। इसके बाद लोढ़े से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। घर में मौजूद लोगों को घटना की जानकारी होने पर घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

लखनऊ में चल रहा इलाज, हालत नाजुक

तौफीक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी नसरुल्लाह खान के तीन बेटे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी का किसी महिला से कथित प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर घर में बेटों के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस इसी एंगल को भी जांच में शामिल कर रही है।

हमला करने के बाद नहाया, कपड़े बदले और फरार हो गया

परिजनों का आरोप है कि बेटे पर हमला करने के बाद नसरुल्लाह घर के बाथरूम में गया, नहाया और कपड़े बदले। इसके बाद वह रात में ही घर से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की कार बरामद कर ली है। परिवार की सुरक्षा के लिए घर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

घायल की बहन रेहाना खातून की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।

घर में सो रहे दूसरे बेटे के परिवार को नहीं लगी भनक

घटना के समय आरोपी का दूसरा बेटा तनवीर मकान के पीछे बने कमरे में सो रहा था। उसकी पत्नी और बेटी घर के पास बने छप्पर में सो रही थीं। इसी दौरान तौफीक पर हमला किया गया। पुलिस अब घटना की पूरी कड़ी और हमले के पीछे की वजहों की जांच कर रही है।

गोंडा में अधेड़ को बाइक सवारों ने मारी गोली

गोंडा में मंगलवार रात एक अन्य वारदात में बाइक सवार दबंगों ने सड़क पर जा रहे एक अधेड़ को गोली मार दी। गोली उसकी जांघ और बाइक की टंकी में लगी। घायल को स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घायल की तहरीर पर पुलिस ने पिता, उसके बेटे समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

Related posts