मौसमी बीमारियों की जांच के साथ निःशुल्क दवाओं का हुआ वितरण, ग्रामीणों ने सराही विधायक की पहल
उन्नाव । सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अटवा में सदर विधायक पंकज गुप्ता के संयोजन में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 125 मरीजों ने पहुंचकर चिकित्सकों से परामर्श लिया और निःशुल्क दवाइयों का लाभ उठाया।
शिविर में महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान आवास विकास कॉलोनी स्थित वेदांता हेल्थकेयर क्लीनिक, उन्नाव की चिकित्सकीय टीम ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।
बदलते मौसम को देखते हुए चिकित्सकों ने बुखार, सर्दी-जुकाम और त्वचा संबंधी समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक किया। साथ ही आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण कर बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए।
विधायक पंकज गुप्ता की इस जनहितकारी पहल की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए कहा कि गांव में ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने से लोगों को काफी राहत मिली है।
इस अवसर पर क्लीनिक की चिकित्सकीय टीम, फार्मासिस्ट, एलटी, प्रबंधक मयंक बाजपेई सहित ग्रामीण मनीष, विजय शंकर, शिव शंकर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
