उन्नाव। 77वें संविधान दिवस के उपलक्ष्य में सेंट ज्यूड्स कॉलेज ऑफ लॉ, पीतांबर नगर, उन्नाव द्वारा महाविद्यालय परिसर में कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम के साथ क्विज एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन एवं शपथ के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संविधान में महिलाओं को प्रदान किए गए अधिकारों, समानता, स्वतंत्रता एवं उनके संवैधानिक संरक्षण के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी श्रीमती प्रीति चंद्रा ने विद्यार्थियों को कैरियर चयन के संबंध में संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सही समय पर अपने कैरियर का चुनाव करना और उसे उचित दिशा देना अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को अपने अभिभावकों की आर्थिक क्षमता एवं उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखते हुए अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप कैरियर का चयन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए केवल संसाधन ही नहीं, बल्कि योग्यता, परिश्रम, लगन और सही दिशा में प्रयास करना अधिक आवश्यक है। प्रदेश में बेरोजगारी की चुनौती को देखते हुए युवाओं को समय रहते अपने कैरियर के प्रति जागरूक होकर कौशल एवं योग्यता विकसित करनी चाहिए, जिससे वे रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर उन्नाव बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में मोबाइल फोन का उपयोग आवश्यकतानुसार एवं सीमित करना चाहिए। विद्यार्थियों को पुस्तकों के अध्ययन की आदत विकसित करनी चाहिए, क्योंकि पुस्तकों के माध्यम से ज्ञान का विस्तार होता है। विशेष रूप से विधि के विद्यार्थियों को संविधान, कानून एवं न्यायिक व्यवस्था का नियमित अध्ययन करना चाहिए, जिससे उन्हें संवैधानिक प्रावधानों एवं नागरिक अधिकारों की बेहतर समझ विकसित हो सके।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न समसामयिक एवं संवैधानिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के प्रमुख विषय निम्नवत रहे—
सामाजिक विषय: समाज में सोशल मीडिया का बढ़ता प्रभाव—वरदान या अभिशाप संवैधानिक विषय: भारतीय संविधान में मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्यों का महत्व समसामयिक विषय: क्या भारत में समान नागरिक संहिता लागू होनी चाहिए
इसके अतिरिक्त क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के संवैधानिक ज्ञान एवं सामान्य जागरूकता का मूल्यांकन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा अपने विचारों और ज्ञान का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में ऋचा शर्मा सिंह, निदेशक सुल्तान अहमद, विधि विभाग के विभागाध्यक्ष अनुपम सिंह, शिक्षक शुभम सिंह, अर्चिता शर्मा, उत्कर्ष द्विवेदी, योगेश यादव सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
