जी.डी. गोयनका स्कूल, मगरवारा में आयोजित हुई पुलिस की पाठशाला….

उन्नाव ।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन मे को आयुष श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक उत्तरी, उन्नाव की अध्यक्षता में जी.डी. गोयनका स्कूल, मगरवारा में “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को पुलिस की कार्यप्रणाली, मिशन शक्ति, महिला एवं बालिका सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा यातायात नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कर जागरूक किया गया।

कार्यशाला में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के दृष्टिगत यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। यातायात पुलिस द्वारा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग करने, ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने एवं सड़क पर स्टंटबाजी करने से होने वाले गंभीर जोखिमों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही सभी से यातायात नियमों का पालन करने, सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने तथा स्वयं एवं दूसरों के जीवन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की गई।

इसी क्रम में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों, आत्मसम्मान एवं स्वावलंबन के संबंध में जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति अथवा समस्या के समय पुलिस एवं महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, साइबर सुरक्षा के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग एवं अन्य साइबर अपराधों के तरीकों से अवगत कराते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में यातायात प्रभारी निरीक्षक सुनील सिंह, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव, डॉ. आशीष श्रीवास्तव, प्रभारी परिवार परामर्श समिति, उन्नाव, डॉ. मनीष सिंह सेंगर, वरिष्ठ सलाहकार परिवार परामर्श केन्द्र, उन्नाव, साइबर थाना से आरक्षी तरुण एवं आरक्षी विपिन, यातायात विभाग से मुख्य आरक्षी भूप सिंह तथा थाना कोतवाली सदर से आरक्षी एलिस सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. आशीष श्रीवास्तव एवं डॉ. मनीष सिंह सेंगर द्वारा किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर महेश गुप्ता, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी (सेवानिवृत्त) एवं प्रधानाचार्या पुनीता टुटेजा द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। साथ ही विद्यार्थियों के हित में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम के लिए उन्नाव पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

उपरोक्त कार्यक्रम में संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विद्यालय स्टाफ तथा छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराते हुए संविधान के प्रति निष्ठा एवं उसके मूल आदर्शों के पालन की शपथ दिलाई गई।सभी को संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों, मौलिक अधिकारों एवं मूल कर्तव्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा एक जिम्मेदार, जागरूक एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने हेतु प्रेरित किया गया।

Related posts