Weather Alert: कहीं भीषण लू तो कहीं तूफानी बारिश का खतरा, दिल्ली-UP समेत 15 राज्यों के लिए मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट

नई दिल्ली: देशभर में मौसम ने दो अलग-अलग रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों को बेहाल कर रही है, जबकि दूसरी ओर कई राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने 15 राज्यों के लिए तेज हवाओं, गरज-चमक और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मॉनसून केरल पहुंचने की तारीख भी सामने आ गई है।

दिल्ली-NCR में 45 डिग्री के पार जा सकता है पारा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 19 और 20 मई को दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी पड़ेगी और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। हालांकि 21 और 22 मई को हल्की राहत मिलने की संभावना जताई गई है।

पंजाब में भी लू का कहर जारी

पंजाब के अमृतसर, जालंधर, पटियाला और बठिंडा समेत कई जिलों में भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि 22 मई के बाद हल्की बारिश शुरू हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में अलर्ट

उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, वाराणसी और गोरखपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। हालांकि राज्य के ज्यादातर हिस्सों में लू का असर बना रहेगा।

राजस्थान में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। जयपुर समेत 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले तीन से चार दिनों में तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है।

मध्य प्रदेश के 55 में से 31 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर और सागर जैसे शहरों में गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं।

बिहार-झारखंड में आंधी और भारी बारिश का खतरा

बिहार की राजधानी पटना में तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, लेकिन गया, चंपारण, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।

झारखंड की राजधानी रांची के साथ जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

वहीं छत्तीसगढ़ में 21 मई तक तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। लोगों को धूप से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।

पहाड़ी राज्यों में भी बदलेगा मौसम

जम्मू-कश्मीर में 19 और 20 मई को बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। इसके बाद 21 से 25 मई के बीच कई इलाकों में लू चल सकती है, हालांकि दोपहर बाद हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों जैसे हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। वहीं देहरादून और नैनीताल में भी गर्मी लोगों को परेशान करेगी।

हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और मनाली में 21 मई को हल्की बारिश और आंधी की संभावना है। मनाली में न्यूनतम तापमान गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

केरल में मॉनसून की दस्तक से पहले भारी बारिश

दक्षिण भारत में मॉनसून की आहट तेज हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है। इससे पहले ही राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश शुरू हो गई है।

कन्नूर और कासरगोड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 10 जिलों में येलो अलर्ट लागू है। तमिलनाडु के नीलगिरी, मदुरै और चेन्नई में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

महाराष्ट्र में राहत, ओडिशा में गर्मी बरकरार

महाराष्ट्र में 19 से 24 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

दूसरी ओर ओडिशा में गर्मी का कहर अभी भी जारी है और कई इलाकों में लोगों को तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ रहा है।

 

Related posts