चेन्नई: तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय ने पद संभालते ही सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों को बड़ा तोहफा दिया है। गुरुवार को सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की गई है। इस फैसले के बाद राज्य के लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सीधा लाभ मिलेगा।
महंगाई भत्ता 58 से बढ़कर 60 प्रतिशत हुआ
सरकारी घोषणा के मुताबिक, महंगाई भत्ते में की गई यह वृद्धि 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी। इस संशोधन के बाद राज्य में DA 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा। सरकार का कहना है कि यह निर्णय कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
राज्य सरकार पर बढ़ेगा वित्तीय बोझ
महंगाई भत्ते में इस बढ़ोतरी से तमिलनाडु सरकार पर सालाना लगभग 1,230 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ आएगा। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों, शिक्षकों, पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक बजट प्रावधान किए जाएंगे।
कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के कल्याण पर जोर
सरकारी बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री विजय ने राज्य के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के कल्याण को सरकार की प्राथमिकता में रखा है। इसी दिशा में यह निर्णय लिया गया है ताकि बढ़ती महंगाई के बीच उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।
इसके साथ ही सरकार ने यह भी संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू करने की दिशा में भी तेजी से कदम उठाए जाएंगे, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिल सके।
