कानपुर: उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश का दौर थमा हुआ है, लेकिन अगले कुछ दिनों में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने 24 से 27 सितंबर तक बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। 25, 26 और 27 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश के साथ मेघगर्जन, वज्रपात और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, अक्टूबर से रात के तापमान में गिरावट शुरू होने के आसार जताए गए हैं।
रविवार से प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। मंगलवार और बुधवार को भी हल्के बादलों की आवाजाही के बीच बारिश की संभावना कम है। हालांकि गुरुवार से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, इस बार कुल बारिश भले ही कम रही हो, लेकिन बारिश वाले दिनों की संख्या अधिक रही है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव कम रहने के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है, जिसका असर आने वाले दिनों में रात के तापमान पर पड़ सकता है।
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव से बढ़े बारिश के आसार
बंगाल की खाड़ी में बन रहे हवा के निम्न दबाव के कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 24 से 27 सितंबर के बीच कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं 22 से 29 सितंबर तक आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं।
सोमवार को सुबह तेज धूप रही और दोपहर में उमस ने लोगों को परेशान किया। पिछले 24 घंटे में 2.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक था। रविवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस रहा था।
25 से 27 सितंबर तक झमाझम बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 25, 26 और 27 सितंबर को प्रदेश में बारिश का दौर तेज हो सकता है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश दोनों हिस्सों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इन मौसम गतिविधियों को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
अक्टूबर से रातें होने लगेंगी ठंडी
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक सितंबर में कम तापमान और लगातार बनी नमी के कारण इस बार गुलाबी सर्दी की दस्तक जल्दी हो सकती है। अक्टूबर से रात के तापमान में गिरावट शुरू होने के आसार हैं। हालांकि दिन के समय गर्मी बनी रह सकती है, लेकिन रात का मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहावना होने की संभावना है।
