उन्नाव,भाजपा सांसद साक्षी महाराज सोमवार सुबह करीब नौ बजे अपने संसदीय कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जनता दर्शन कर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव, लोधी समाज, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, चुनाव आयोग और विपक्ष को लेकर कई बयान दिए। साक्षी महाराज ने अखिलेश यादव के ‘लोधी बनाम योगी’ के बयान पर कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने चार दिन पहले कहा था कि चुनाव ‘देश बनाम योगी’ होगा। अब ‘लोधी बनाम योगी’ की बात कही जा रही है। उन्होंने इसे अखिलेश यादव की चुनाव से पहले हार स्वीकार करने जैसा बताया। सांसद ने कहा कि लोधी समाज पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, उमा भारती, रानी अवंतीबाई और अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी से जुड़ा समाज है और राष्ट्रवाद के सिद्धांत को नहीं छोड़ सकता। साक्षी महाराज ने कहा कि भाजपा को लोधी समाज के प्रतिनिधित्व को लेकर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि वह प्रदेश अध्यक्ष, संगठन मंत्री, मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तक इस विषय को पहुंचाने का प्रयास कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि यदि लोधी समाज खिसक गया तो सरकार बनाना मुश्किल हो जाएगा। सत्ता और संगठन में समाज को सम्मानजनक साझेदारी देना जरूरी ही नहीं, बल्कि अपरिहार्य है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव लोधी समाज को अधिक टिकट देने की बात कर रहे हैं तो यह उन्हें अपने पक्ष में करने का प्रयास है। साक्षी महाराज ने दावा किया कि यदि जरूरत पड़ी तो वह भाजपा में लोधी समाज को बड़ी संख्या में टिकट देने की पैरवी करेंगे।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य व्यक्तिगत राजनीतिक लाभ नहीं, बल्कि समाज को उचित प्रतिनिधित्व दिलाना है। सांसद ने कहा कि वह सात बार सांसद बन चुके हैं और भाजपा ने उन्हें बहुत सम्मान दिया है। उन्होंने उन्नाव की जनता का भी आभार जताते हुए कहा कि एक क्षेत्र से लगातार तीन बार सांसद चुना
जाना और बड़ी संख्या में वोट हासिल करना सामान्य बात नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्नाव के सभी वर्गों के लोगों ने जो सहयोग दिया, उसे वह जीवनभर नहीं भूलेंगे। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर विपक्ष के सवालों को लेकर साक्षी महाराज ने कहा कि पहले चुनाव में वोटों की चोरी और मतपेटियां लूटे जाने जैसी घटनाएं होती थीं, लेकिन अब चुनाव व्यवस्था अधिक पारदर्शी है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव व्यवस्था पारदर्शी नहीं होती तो उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी 37 सीटें नहीं जीतती।
उन्होंने कहा कि भाजपा को 33 सीटें मिलीं और सपा को 37, इसलिए विपक्ष को निर्वाचन आयोग की व्यवस्था पर सवाल उठाने के बजाय उसकी पारदर्शिता की सराहना करनी चाहिए। गठबंधन नहीं हुआ तो करीब 200 सीटों पर लड़ेंगे साक्षी महाराज ने कहा कि यदि गठबंधन नहीं होता है तो उनकी पार्टी करीब 200 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा में टिकट लोकतांत्रिक तरीके से तय होते हैं। विपक्षी दल किसे टिकट देते हैं या किसका टिकट काटते हैं, यह उनका विषय है।
साक्षी जी महाराजने राहुल गांधी पर निशाना साधा
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि देश में विभिन्न राजनीतिक दलों को कमजोर करने का काम राहुल गांधी कर चुके हैं। उनका दावा है कि अब उत्तर प्रदेश में सपा के उभरने के बाद राहुल गांधी 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को भी कमजोर करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जिसके साथ होंगे, वही हार जाएगा।
