महाराष्ट्र की राजनीति में फिर हलचल! PM मोदी से मिलेंगे शरद पवार गुट के सभी 8 सांसद, डीलिमिटेशन बिल के बीच बढ़ी सियासी अटकलें

मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। एनसीपी शरद पवार गुट के सभी 8 सांसद सोमवार, 10 अगस्त को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस बैठक के लिए प्रधानमंत्री से समय मांगा गया है। पार्टी की लोकसभा ग्रुप लीडर सुप्रिया सुले ने इसे आधिकारिक बैठक बताया है। हालांकि, पीएम मोदी और शरद पवार गुट के सांसदों की इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इन अटकलों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

डीलिमिटेशन बिल को लेकर अहम मानी जा रही बैठक

केंद्र सरकार के डीलिमिटेशन संशोधन विधेयक लाने की चर्चाओं के बीच शरद पवार गुट के सांसदों की प्रधानमंत्री से होने वाली मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले भी ऐसी अटकलें सामने आती रही हैं कि एनसीपी शरद पवार गुट इस विधेयक का प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से समर्थन कर सकता है।

इसके साथ ही भविष्य में एनसीपी शरद पवार गुट और एनडीए के बीच किसी तरह के राजनीतिक समीकरण बनने की संभावनाओं को लेकर भी चर्चा हो रही है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने इस तरह की किसी संभावना की पुष्टि नहीं की है। उनके मुताबिक, सांसद प्रधानमंत्री से मुख्य रूप से अपने कार्यक्षेत्र और निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

डीलिमिटेशन बिल पर क्या है शरद पवार गुट का रुख?

सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, अगर डीलिमिटेशन संशोधन विधेयक में देशभर में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का फैसला शामिल किया जाता है, तो शरद पवार की पार्टी इस विधेयक का समर्थन कर सकती है। अमित शाह के साथ हुई सर्वदलीय बैठक में सभी राज्यों की सीटों में बढ़ोतरी के इस प्रस्ताव को लेकर चर्चा हुई थी।

बताया गया है कि इस चर्चा में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) के अलावा उद्धव बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना, कांग्रेस और डीएमके ने भी सहमति जताई थी। ऐसे में डीलिमिटेशन को लेकर शरद पवार गुट का रुख आने वाले दिनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

उद्धव ठाकरे गुट के बाद अब शरद पवार की पार्टी पर नजर

महाराष्ट्र में पिछले कुछ समय से दलों के भीतर टूट और नेताओं के पाला बदलने की घटनाएं लगातार राजनीतिक चर्चा में रही हैं। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना-यूबीटी में टूट के बाद अब शरद पवार की एनसीपी-एसपी को लेकर भी राजनीतिक अटकलें तेज हैं।

हाल ही में उद्धव ठाकरे गुट के 6 सांसदों के एकनाथ शिंदे गुट में शामिल होने की खबर सामने आई थी। इसके बाद शरद पवार की पार्टी के कुछ विधायकों और सांसदों के भी पाला बदलने को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, पीएम मोदी से होने वाली शरद पवार गुट के सभी 8 सांसदों की बैठक को इन संभावित राजनीतिक बदलावों से जोड़कर देखे जाने के बावजूद अभी तक किसी तरह के उलटफेर की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

Related posts