पीएचसी में मेटरनिटी न्यू बॉर्न केयर यूनिट स्थापित करने हेतु मांगा प्रस्तास्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर में आंकित दवाओं की उपलब्धता का रैंडमली सत्यापन किया
झांसी। उत्पादक के ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 शिशिर पुरी के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टहरौली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, प्रसव सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं अन्य चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने सर्वप्रथम ओपीडी का निरीक्षण कर प्रभारी चिकित्साधिकारी से मरीजों की संख्या एवं उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने अवगत कराया कि स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिमाह लगभग 600 ओपीडी होती हैं।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने प्रसव संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्हें अवगत कराया गया कि स्वास्थ्य केंद्र पर एएनएम एवं स्टाफ नर्स तैनात हैं तथा प्रतिमाह लगभग 30 सामान्य प्रसव कराए जा रहे हैं। इस पर उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मेटरनिटी न्यू बॉर्न केयर यूनिट स्थापित किए जाने हेतु प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य केंद्र के भवन एवं परिसर के निरीक्षण के दौरान पुताई एवं साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पाए जाने पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी टहरौली एवं खण्ड विकास अधिकारी गुरसराय को निर्देशित किया कि रोगी कल्याण समिति के खाते में डोनेशन के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराने हेतु संभ्रांत व्यक्तियों को प्रेरित करें। प्राप्त धनराशि का उपयोग स्वास्थ्य केंद्र की पुताई एवं साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में किया जाए।
औचक निरीक्षण में दवाओं की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने औषधि वितरण केंद्र का निरीक्षण किया तथा स्टॉक रजिस्टर में अंकित दवाओं की उपलब्धता का रैंडम सत्यापन किया। इस दौरान Ceftriaxone Injection IP के स्टॉक का रजिस्टर में दर्ज मात्रा से मिलान किया गया, जो सही पाया गया। उन्होंने दवाओं के स्टॉक रजिस्टर को नियमित रूप से अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी ने अवगत कराया कि स्वास्थ्य केंद्र पर एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध है, लेकिन सर्पदंश के मरीज उपचार हेतु स्वास्थ्य केंद्र आने के बजाय जिला मुख्यालय चले जाते हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी को निर्देश दिए कि अपने अधीनस्थों के माध्यम से स्वास्थ्य केंद्र पर एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध होने का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं तथा सर्पदंश से प्रभावित व्यक्तियों एवं उनके परिजनों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि मरीजों को समय से उपचार मिल सके और उनकी अमूल्य जान बचाई जा सके।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि जनसामान्य को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए, जिससे आमजन को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी गुरसराय डॉ0 रवि शंकर, उप जिलाधिकारी टहरौली आशीष कुमार सिंह एवं प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ0 के.एल. पाल, डॉ0 ओ पी राजपूत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
