नई दिल्ली: वंदे मातरम् को लेकर देश में चल रहे विवाद के बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पार्टी का रुख साफ किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यक्रमों में 1937 के अधिवेशन में लिए गए फैसले के अनुसार वंदे मातरम् के केवल शुरुआती दो छंद ही बजाती है। थरूर ने यह भी कहा कि यदि किसी राष्ट्रीय या सरकारी कार्यक्रम में वंदे मातरम् का पूरा गीत बजाया जाता है, तो वे सभी सम्मान में खड़े होंगे।
थरूर ने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस की स्थिति बिल्कुल स्पष्ट है और पार्टी अपने कार्यक्रमों में पुरानी परंपरा का पालन कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय या सरकारी कार्यक्रम में वंदे मातरम् बजने के दौरान सभी लोग खड़े होकर इसका सम्मान करेंगे।
1937 के फैसले के मुताबिक दो छंद बजाने की बात
कांग्रेस सांसद ने कहा कि पार्टी 1937 में लिए गए फैसले पर कायम है। उनके मुताबिक कांग्रेस के कार्यक्रमों में 1937 से अब तक राष्ट्रगान के एक पद और वंदे मातरम् के दो पद बजाए जाते रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी का रुख अब भी यही है।
वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने
वंदे मातरम् के पूरे गीत को लेकर भाजपा लगातार कांग्रेस पर निशाना साध रही है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस कार्यालय में वंदे मातरम् बजाए जाने के दौरान सोनिया गांधी और राहुल गांधी का एक वीडियो सामने आने के बाद विवाद और तेज हो गया। भाजपा ने इस वीडियो को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला। इसके बाद भाजपा की नई कार्यकारिणी ने इस मुद्दे को लेकर अभियान चलाने का ऐलान भी किया।
भाजपा ने घोषित किया 10 सूत्रीय वंदे मातरम् अभियान
भाजपा ने वंदे मातरम् के महत्व को देशभर में सामने रखने के लिए 10 सूत्रीय अभियान की घोषणा की है। पार्टी का कहना है कि वह जनता के बीच जाकर वंदे मातरम् के ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व को बताएगी। अभियान के तहत महात्मा गांधी द्वारा वंदे मातरम् को साम्राज्यवाद विरोधी नारे और राष्ट्रीय भावना से जुड़ा गीत बताए जाने का भी उल्लेख किया जाएगा।
भाजपा कांग्रेस के उस रुख पर भी सवाल उठा रही है, जिसके तहत पार्टी अपने कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के शुरुआती दो पद ही गाती है। भाजपा ने कांग्रेस के 19 अगस्त को पारित उस प्रस्ताव की भी आलोचना की है, जिसमें 1937 के अधिवेशन में वंदे मातरम् को लेकर लिए गए फैसले को अपनाने की बात कही गई थी। इसी फैसले के तहत कांग्रेस के कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के शुरुआती दो पद ही गाए जाते हैं।
