प्रेमी से बात करते देख चाचा ने भतीजी की हत्या की, ट्यूबवेल में छिपाया शव; तंत्र-मंत्र का शक कराने के लिए पैरों में ठोकीं कीलें

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में प्रेम-प्रसंग के चलते 16 वर्षीय किशोरी की उसके चाचा ने कथित तौर पर हत्या कर दी। आरोप है कि चाचा ने किशोरी को एक युवक से फोन पर बात करते देख लिया था। इसके बाद गुस्से में उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात छिपाने के लिए शव को पहले ट्यूबवेल के कमरे में रखा और रात में खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी चाचा जयप्रकाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

अलीगंज थाना क्षेत्र के अनिरुद्धपुर की गौटिया उर्फ हाफिजगंज गांव की किशोरी कक्षा 10 की छात्रा थी। उसका गांव के ही सजातीय युवक से प्रेम-प्रसंग था। परिवार के लोग इस रिश्ते से नाराज थे। पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को किशोरी की हत्या कर शव परिवार के ही खेत में गड्ढा खोदकर दफन कर दिया गया था।

पुलिस ने मामले में किशोरी के चाचा जयप्रकाश से पूछताछ की तो घटना का खुलासा हुआ। बुधवार को खेत से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद गुरुवार को किशोरी के बाबा नत्थूलाल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई और आरोपी जयप्रकाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

प्रेमी से बात करते देख आया गुस्सा, गला घोंटकर की हत्या

पूछताछ में जयप्रकाश ने पुलिस को बताया कि 28 जुलाई को वह मिर्च के खेत में काम कर रहा था। किशोरी भी उसी क्षेत्र में मौजूद थी। कुछ देर बाद जब वह दिखाई नहीं दी तो उसने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान किशोरी ट्यूबवेल के कमरे के पास मोबाइल फोन से अपने प्रेमी से बात करती मिली।

पुलिस के मुताबिक, इसी बात को लेकर जयप्रकाश गुस्से में आ गया और उसने किशोरी का गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को ट्यूबवेल के कमरे में छिपाकर वह घर चला गया। परिजनों ने किशोरी के बारे में पूछा तो उसने कथित तौर पर बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ चली गई है।

रात में खेत में दफन किया शव, पैरों में ठोकीं कीलें

आरोप है कि रात में जयप्रकाश नमक लेकर खेत पहुंचा और गड्ढा खोदकर किशोरी के शव को दफना दिया। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि हत्या को तंत्र-मंत्र से जोड़कर दिखाने के लिए उसने किशोरी के दोनों पैरों में तीन-तीन कीलें ठोक दी थीं।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद शव को कब्र से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई आगे बढ़ाई।

परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच

गांव में किशोरी की हत्या को लेकर यह भी चर्चा है कि उसकी हत्या घर के अंदर ही की गई थी। हालांकि, किशोरी के बाबा नत्थूलाल की तहरीर पर फिलहाल सिर्फ जयप्रकाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका से जुड़े इस पहलू की भी जांच कर रही है।

 

Related posts