मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जलभराव के कारण सड़क यातायात के साथ-साथ रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। कई रेल ट्रैक पानी में डूब गए हैं, जिसके चलते लोकल ट्रेनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है और कई सेवाओं को रद्द करना पड़ा है।
पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल के अनुसार, चर्चगेट से दहानू रोड के बीच संचालित सभी उपनगरीय लोकल ट्रेनें जलभराव के कारण 10 से 15 मिनट की देरी से चल रही हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय अतिरिक्त समय का ध्यान रखें। हालांकि हार्बर लाइन पर लोकल ट्रेन सेवाएं फिलहाल सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
7 जुलाई को रद्द की गईं ये लोकल ट्रेनें
बारिश के असर को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने कई लोकल ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें ट्रेन संख्या 69164 (दहानू रोड–पनवेल), 69165 (पनवेल–वसई रोड), 69168 (वसई रोड–पनवेल), 69167 (पनवेल–वसई रोड), 69166 (वसई रोड–पनवेल), 69161 (पनवेल–दहानू रोड), 69174 (दहानू रोड–बोरीवली), 69139 (बोरीवली–वलसाड) और 61002 (दहानू रोड–बोरीवली) शामिल हैं।
रेलवे ने यह भी बताया कि विरार और सूरत के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 69141 अब वलसाड से अपनी यात्रा शुरू करेगी और सूरत तक संचालित होगी।
भुज-पुणे एक्सप्रेस भी रद्द
पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने बताया कि भुज और पुणे के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। 6 जुलाई को पुणे से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 11092 पुणे–भुज एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। इसके चलते 8 जुलाई को भुज से पुणे जाने वाली ट्रेन संख्या 11091 भुज–पुणे एक्सप्रेस भी निरस्त कर दी गई है। इससे पहले इस ट्रेन को परिवर्तित मार्ग से चलाने की योजना बनाई गई थी।
करजत-लोनावला सेक्शन पर भूस्खलन से रेल संचालन प्रभावित
सेंट्रल रेलवे के मुताबिक, करजत-लोनावला रेल सेक्शन पर हुए भूस्खलन के कारण रेल परिचालन पर व्यापक असर पड़ा है। 7 जुलाई को सुबह 4:30 बजे तक 41 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया जा चुका है। इसके अलावा 59 ट्रेनों का मार्ग बदला गया है, 20 ट्रेनों को निर्धारित गंतव्य से पहले समाप्त किया गया है, 22 ट्रेनों की शुरुआत निर्धारित स्टेशन के बजाय आगे के स्टेशन से कराई गई है, जबकि 4 ट्रेनों का समय पुनर्निर्धारित किया गया है।
