जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। हीरापुरा 200 फीट रोड पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे जा रहे एक ही परिवार के पांच लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार ट्रेलर की चपेट में गुब्बारे बेचने वाला परिवार आया था। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू हुई जांच
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस की मौजूदगी में यातायात को भी सामान्य कराने की कार्रवाई की गई। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
एक दिन पहले भी राजस्थान में हुआ था बड़ा सड़क हादसा
इससे पहले रविवार को श्रीगंगानगर जिले में भी एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी। सूरतगढ़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर एक निजी एम्बुलेंस और सेना के वाहन की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायल हुए थे।
पुलिस के अनुसार यह हादसा केंचियां कस्बे के पास उस समय हुआ, जब निजी एम्बुलेंस एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे सेना के ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एम्बुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कुछ समय के लिए राजमार्ग पर जाम की स्थिति बन गई।
महिला मरीज को अस्पताल से घर ले जाया जा रहा था
जानकारी के मुताबिक एम्बुलेंस में एक महिला मरीज भी सवार थी, जिसे जयपुर के एक अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घर ले जाया जा रहा था। इस हादसे में लक्ष्मी देवी (26), एम्बुलेंस चालक सतनाम सिंह (26) और महेंद्र कौर (56) की मौत हो गई। वहीं रामप्रकाश और राजवीर घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सेना ने जताई संवेदना, पुलिस कर रही जांच
सेना ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। सेना ने कहा कि दुर्घटना की जांच में नागरिक प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
