2 अक्टूबर को शुरू हुआ नशा मुक्ति केंद्र, अब तक 13 मरीज पहुंचे; बैठने की व्यवस्था होने से मरीजों और तीमारदारों को मिली राहत
उन्नाव । उमा शंकर दीक्षित जिला पुरुष अस्पताल में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल के CMS डॉ. सुनील कुमार शुक्ला की पहल पर मरीजों की सुविधाओं में सुधार होने से लोगों के बीच उनकी सराहना की जा रही है। 2 अक्टूबर को शुरू किए गए नशा मुक्ति केंद्र में अब मरीजों की संख्या बढ़कर 13 तक पहुंच गई है। इससे नशे की लत छोड़ने के इच्छुक लोगों को जिला अस्पताल में ही उपचार की सुविधा मिल रही है।
वहीं, अस्पताल में मरीजों और उनके तीमारदारों को बैठने में होने वाली परेशानी को देखते हुए एक दर्जन से अधिक बेंच लगवाई गई हैं। इससे पहले मरीजों को अपनी बारी का इंतजार करते समय खड़े रहना पड़ता था, लेकिन अब बैठने की व्यवस्था होने से उन्हें काफी राहत मिली है।
मरीजों ने बताई अपनी परेशानी और मिली राहत
सदर क्षेत्र से आईं मरीज नेहा ने बताया कि पहले अस्पताल आने पर बैठने की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण खड़े रहकर इंतजार करना पड़ता था। अब बेंच लगने से बैठने की सुविधा मिल रही है।
ईदगाह क्षेत्र से आए शाहरुख ने भी बैठने की व्यवस्था को राहत देने वाला कदम बताया। वहीं, बुजुर्ग महिला सरिता ने कहा कि अस्पताल में अधिकारियों द्वारा मरीजों और बुजुर्गों की सुविधाओं का ध्यान रखा जाना अच्छी बात है।
CMS बोले—लगातार बेहतर की जा रहीं व्यवस्थाएं
इस संबंध में CMS डॉ. सुनील कुमार शुक्ला ने बताया कि जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के साथ मरीजों की जरूरतों का ध्यान रखा जा रहा है।
नशा मुक्ति केंद्र का संचालन और मरीजों के बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था अस्पताल में सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में उठाए गए कदम हैं। अब देखना होगा कि अस्पताल प्रशासन इसी तरह अन्य व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाकर मरीजों को राहत पहुंचाने के प्रयासों को आगे बढ़ाता है।
