डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा सहित विभिन्न जनपदों के शिक्षकों ने किया वीडियो निर्माण, गुणवत्तापूर्ण कार्य करने वालों को मिलेंगे नए विषय
उन्नाव। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), उत्तर प्रदेश में पीएम ई-विद्या कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित चार दिवसीय शैक्षिक वीडियो निर्माण कार्यशाला का समापन हो गया। कार्यशाला के दौरान गणित, भौतिक विज्ञान और जीव विज्ञान सहित विभिन्न विषयों के कुल 15 शैक्षिक वीडियो शूट किए गए। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे शिक्षकों ने विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में डिजिटल शिक्षण सामग्री तैयार की।
कार्यशाला में उन्नाव के सहायक शिक्षक डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा और सीतापुर के जयप्रकाश शुक्ला ने गणित विषय के वीडियो निर्माण की प्रक्रिया पूरी की। इन वीडियो की समीक्षा उन्नाव के डायट प्रवक्ता दिनेश कुमार ने की। वहीं, रविंद्र, प्रिया यादव और रजनीश ने जीव विज्ञान तथा संजीव कुमार और अनुभव पाठक ने भौतिक विज्ञान के वीडियो शूट कराए।
एससीईआरटी के संयुक्त निदेशक पवन सचान के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला में डायट प्रवक्ता दिनेश कुमार, भीमसेन सहित विशेषज्ञों ने स्क्रिप्ट की गुणवत्ता, विषयवस्तु की शुद्धता और विद्यार्थियों के अनुरूप प्रस्तुतीकरण पर सुझाव दिए। तकनीकी सहयोगियों कमल किशोर, आशुतोष श्रीवास्तव और आशीष दीक्षित ने पीपीटी एवं दृश्य सामग्री के प्रभावी उपयोग में सहयोग किया। वीडियो निर्माण टीम ने शिक्षकों से पीपीटी और उनकी हार्ड कॉपी भी प्राप्त की।
संयुक्त निदेशक पवन सचान ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण वीडियो तैयार करने वाले प्रशिक्षित शिक्षकों को जल्द ही नए विषय आवंटित किए जाएंगे। उन्हें दोबारा एससीईआरटी स्टूडियो बुलाकर अगले चरण का वीडियो निर्माण कराया जाएगा।
अब तक ऐसी चार कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं, जिनमें प्रत्येक बार प्रदेश के विभिन्न जनपदों से लगभग 20 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। पीएम ई-विद्या का उद्देश्य टेलीविजन सहित डिजिटल माध्यमों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाना है, ताकि इंटरनेट और स्मार्टफोन की सीमित उपलब्धता वाले विद्यार्थी भी पढ़ाई का लाभ उठा सकें।
