लखनऊ: पं. दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने ‘अंत्योदय’ और ‘एकात्म मानववाद’ के उनके विचारों को याद किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर पं. दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया। उन्होंने उन्हें प्रखर राष्ट्रचिंतक और भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से एक बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों पर आधारित विकास की ऐसी अवधारणा प्रस्तुत की, जिसमें समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।
योगी आदित्यनाथ ने उनके ‘अंत्योदय’ और ‘एकात्म मानववाद’ के विचारों को समाज के व्यापक कल्याण से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय का चिंतन आज भी समावेशी, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरणा देता है।
