लखनऊ: कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में फरार चल रही मॉडल श्रद्धा दुबे की लग्जरी कार नेपाल सीमा के पास लावारिस हालत में बरामद हुई है। घटना के छह दिन बाद भी यह मामला अनसुलझा बना हुआ है। पुलिस ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और उनके दोस्त आमिर की गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है। तीनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। कार मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि आरोपी अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर नेपाल भाग गए हों।
नेपाल सीमा के पास मिली कार, आरोपियों की तलाश तेज
9 अक्टूबर की रात किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर में 28 वर्षीय कारोबारी शिवा शर्मा को मृत घोषित किया गया था। इसके बाद से ही मामले में नामजद श्रद्धा दुबे अपनी बहन रश्मि और दुबग्गा निवासी पुराने दोस्त आमिर के साथ फरार है। पुलिस सीतापुर, लखीमपुर और बहराइच की ओर जाने वाले रास्तों पर उनकी तलाश कर रही थी।
बुधवार को नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास श्रद्धा की कार लावारिस हालत में बरामद हुई। पुलिस को आशंका है कि आरोपी सीमावर्ती चेकपोस्ट के पास कार छोड़कर पैदल या किसी स्थानीय मददगार की सहायता से नेपाल में दाखिल हो सकते हैं। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें बहराइच और लखीमपुर के सीमावर्ती इलाकों में डेरा डाले हुए हैं।
शिवा की मां ने लगाए प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग के आरोप
शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने अपने बेटे की लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि श्रद्धा ने शिवा को कई दिनों तक अपने फ्लैट में बंधक बनाकर रखा था। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवा को प्रताड़ित करने के साथ ब्लैकमेल भी किया जाता था और उसे सिगरेट से जलाया जाता था।
रंजना शर्मा के मुताबिक, अस्पताल में जब उन्होंने अपने बेटे का शव देखा तो उसके शरीर पर कपड़ों के नाम पर केवल अंडरवियर था। उन्होंने चेहरे पर लिपस्टिक के कई निशान होने और शरीर पर सिगरेट से जलाए जाने के निशान मिलने का भी दावा किया है। ये आरोप शिवा की मौत के मामले को और गंभीर बना रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हाई-प्रोफाइल संपर्कों का रौब दिखाने का भी आरोप
शिवा शर्मा अलीगंज क्षेत्र में ‘वंदे मातरम चिकन’ नाम से कपड़ों का बड़ा शोरूम और ‘आंगन’ नाम से एक चर्चित रेस्टोरेंट चलाते थे। वहीं, श्रद्धा दुबे सोशल मीडिया पर सक्रिय मॉडल और इन्फ्लुएंसर है। उसके इंस्टाग्राम पर 1.41 लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए गए हैं। वह कई म्यूजिक वीडियो एल्बम में भी काम कर चुकी है।
शिवा की मां रंजना शर्मा का आरोप है कि श्रद्धा अपने हाई-प्रोफाइल संपर्कों और बाहुबलियों का रौब दिखाकर उनके बेटे को जेल भिजवाने और उसका करियर बर्बाद करने की धमकी देती थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इसी तरह दबाव बनाकर लगातार वसूली की जाती थी। फिलहाल, मामले में आरोपों की जांच और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
