मार्को रूबियो की पीएम मोदी से मुलाकात, भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को बताया वैश्विक शांति का आधार

नई दिल्ली: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय बैठक में दोनों नेताओं के बीच भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।

वैश्विक भलाई के लिए साथ मिलकर काम करेंगे भारत और अमेरिका

बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि भारत और अमेरिका वैश्विक भलाई के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।

पीएम मोदी ने लिखा कि दोनों देशों के बीच लगातार मजबूत हो रही साझेदारी, क्षेत्रीय और वैश्विक शांति एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

उच्चस्तरीय बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा

इस बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और अमेरिकी उप विदेश मंत्री एलिसन हुकर भी मौजूद रहे।

चर्चा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, व्यापार, तकनीक और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई।

अमेरिका ने भारत को बताया अहम साझीदार

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने इस बैठक को बेहद सार्थक बताते हुए कहा कि भारत, अमेरिका का एक महत्वपूर्ण साझीदार है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सुरक्षा, व्यापार और उन्नत तकनीक के क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने पर जोर दिया गया।

इंडो-पैसिफिक और QUAD सहयोग पर फोकस

बैठक में यह भी संकेत दिया गया कि भविष्य में दोनों देश क्वाड (QUAD) के तहत सहयोग को और मजबूत करेंगे। इसका उद्देश्य एक स्वतंत्र, खुला और स्थिर हिंद-प्रशांत क्षेत्र सुनिश्चित करना है।

Related posts